पश्चिम बंगाल में सत्ता पक्ष और विपक्ष होली मनाने को लेकर कथित रोक पर आपस में भिड़ गए हैं। बता दें कि, शांति निकेतन में वन विभाग ने होर्डिंग लगाकर लोगों से पर्यावरण बचाने की अपील की है। वहीं भाजपा ने सरकार और पुलिस पर कई आरोप लगाए हैं।
पश्चिम बंगाल के शांति निकेतन में होली मनाने पर रोक लगाने के आरोपों को लेकर राज्य में राजनीतिक घमासान मच गया है। भाजपा और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। मामले में भाजपा के विधायक शंकर घोष ने राज्य सरकार पर हिंदू-विरोधी मानसिकता अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि टीएमसी सरकार जानबूझकर हिंदू त्योहारों और रीति-रिवाजों पर प्रतिबंध लगा रही है।
विज्ञापन
भाजपा ने क्या लगाया आरोप?
भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने दावा किया कि ममता बनर्जी की सरकार ने सोनाझुरी हाट में होली खेलने पर रोक लगाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह एक समुदाय को खुश करने के लिए किया गया क्योंकि इस बार होली शुक्रवार और रमजान के दौरान पड़ी है। सुवेंदु अधिकारी ने यह भी कहा कि पुलिस ने सुबह 10 बजे तक होली खत्म करने का आदेश दिया, जिससे यह साबित होता है कि सरकार तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है।
आरोपों पर टीएमसी सरकार की सफाई
टीएमसी मंत्री बीरबाहा हांसदा ने इन आरोपों को खारिज किया और कहा कि सरकार ने केवल पर्यावरण को बचाने की अपील की है। उन्होंने कहा, हमने किसी पर प्रतिबंध नहीं लगाया है। हमने सिर्फ अनुरोध किया है कि लोग पर्यावरण का ध्यान रखें, क्योंकि होली के रंगों में मौजूद रसायन पेड़ों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। वहीं इस मामले में वन विभाग के अधिकारी राहुल कुमार ने कहा कि बड़े पैमाने पर भीड़ और रंगीन पानी से जंगलों को नुकसान हो सकता है। इसलिए लोगों से संयम बरतने की अपील की गई है।
शांति निकेतन का महत्व
शांति निकेतन में हर साल बसंत उत्सव बड़े धूमधाम से मनाया जाता था, लेकिन 2019 से इसे आम जनता के लिए बंद कर दिया गया। विश्व भारती विश्वविद्यालय, जिसे हाल ही में यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट का दर्जा मिला है, ने भी कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में होली के सार्वजनिक समारोह की अनुमति नहीं दी गई है।
क्या सच में रोक लगी है?
सरकार ने आधिकारिक रूप से कोई प्रतिबंध नहीं लगाया है। वन विभाग ने होर्डिंग लगाकर लोगों से पर्यावरण बचाने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी जगह होली खेलने पर कोई सख्त रोक नहीं है। हालांकि, सोनाझुरी हाट में बड़ी संख्या में लोगों के इकट्ठा होने और गाड़ियों की पार्किंग पर रोक लगाई गई है।