अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) पर निशाना साधने वाली दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) की छात्रा और कारगिल युद्घ के शहीद की बेटी गुरमेहर कौर सियासी महाभारत में फंस गई हैं। भाजपा सांसद प्रताप सिम्हा ने छात्रा की तुलना अंडरवर्ल्ड डॉन दाउद इब्राहिम से की है तो गृह राज्यमंत्री किरेन रिजिजू ने आशंका जताई कि गुरमेहर को राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी प्रभावित कर रहे हैं।
सोमवार को ट्वीट पर गृह राज्यमंत्री ने सवाल किया कि कौन इस युवा छात्रा का दिमाग प्रदूषित कर रहा है। इस बीच, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी गुरमेहर के समर्थन में मैदान में कूद गए हैं। उन्होंने ट्वीट किया है कि असहिष्णुता और अन्याय के खिलाफ उठी हर आवाज में गुरमेहर कौर मौजूद होगी।
उन्होंने छात्रा को समर्थन देते हुए कहा है कि भय और अत्याचार के खिलाफ हम अपने छात्रों के साथ खड़े हैं। गौरतलब है कि बीते दिनों डीयू में छात्र संगठनों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद छात्रा ने खुल कर एबीवीपी का विरोध किया था।