केंद्रीय वित मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि मुझे सीताराम येचुरी के निधन का समाचार सुनकर बहुत दुख हुआ। वह एम्स में भर्ती थे। यह वास्तव में दुखद है कि उनका निधन हो गया। वह जेएनयू में मेरे सीनियर थे। यह कम्युनिस्ट पार्टी के लिए बहुत बड़ी क्षति है।
केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि यह सीपीआई एम, दोस्तों और परिवार के लिए बहुत बड़ी क्षति है। मैं भी एक तरह की व्यक्तिगत क्षति महसूस कर रहा हूं क्योंकि मैं उन्हें लंबे समय से जानता था। हम सभी उम्र के हिसाब से समकालीन हैं। हमने लगभग एक ही समय में सक्रिय राजनीति में रुचि लेना शुरू किया था। वह दृढ़ विश्वास वाले व्यक्ति थे, जो अपने विचारों और आदर्शों पर अडिग थे। मैं उनके परिवार, दोस्तों और सहकर्मियों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं।
नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारुख अब्दुल्ला ने कहा कि सीताराम येचुरी मेरे बहुत अजीज दोस्त थे। आज हिंदुस्तान बेटोक बात करने वाले नेता से महरूम हो गया है। उनका विचार था कि यह वतन हम सभी का है चाहें आप किसी भी बोली के हों और इसे ऐसे ही रहने दिया जाए। हर एक को इस वतन और दुनिया से जाना ही है। सीताराम येचुरी ने हमारे लिए क्या-क्या लड़ाईयां नहीं लड़ीं। यकीन नहीं होता है कि वे हमारे बीच नहीं हैं। मैं इस गम में शरीक हूं।
सीपीआई एम के महासचिव डी. राजा ने कहा कि हमने अलग-अलग मुद्दों पर साथ मिलकर काम किया। हमने वामपंथी एकता, कम्युनिस्ट एकता को मजबूत करने के लिए साथ मिलकर काम किया। वह एक महान व्यक्ति थे। हम दोनों संसद में साथ थे, साथ मिलकर काम किया। यह पूरे वामपंथी, कम्युनिस्ट पक्ष के लिए एक बड़ी क्षति है। मैं एम्स में अपनी पार्टी के दुख को व्यक्त करने आया हूं।
तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि सीपीआई (एम) के महासचिव कॉमरेड सीताराम येचुरी के निधन से गहरा दुख हुआ है। हाशिए पर मौजूद लोगों को सशक्त बनाने और फासीवादी ताकतों से लड़ने की उनकी आजीवन प्रतिबद्धता ने समाज में गहरा प्रभाव डाला। उन्होंने डीएमके और हमारे माननीय मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के साथ मिलकर काम किया। उन्होंने संवैधानिक मूल्यों और लोकतंत्र को बनाए रखा। सीपीआई (एम) कैडरों और उनके परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। उनका निधन प्रगतिशील राजनीति और वामपंथी विचारधारा के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भी सीताराम येचुरी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि प्रिय मित्र सीताराम येचुरी के निधन के बारे में सुनकर गहरा दुख और सदमा लगा। हमने एक महान राजनेता, एक समर्पित सांसद और एक उल्लेखनीय इंसान खो दिया है। उनका निधन राष्ट्रीय राजनीति के लिए एक जबरदस्त क्षति है। उनके परिवार, दोस्तों और सहकर्मियों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।
राजद नेता मनोज झा ने कहा कि इस पर भरोसा ही नहीं हो रहा है। कुछ ही समय पहले ही सीताराम येचुरी से मुलाकात हुई थी। बीते दिनों मैं उनसे लगातार संपर्क में रहा। लालू यादव के साथ उनका एक लंबा संगठन रहा। ये उम्र जाने की नहीं थी। अभी बहुत कुछ बाकी था। उनके परिवार, साथियों को ईश्वर संबल दें।
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि सीताराम येचुरी जी ने देश की राजनीति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनकी कमी सभी को महसूस होगी। वह अपनी विचारधाराओं के प्रति दृढ़ थे लेकिन उन्होंने कभी किसी के बारे में बुरा नहीं बोला। वह एक महान वक्ता, सांसद और एक महान व्यक्ति थे।
पूर्व कांग्रेस नेता और डेमोक्रेटिक प्रगतिशील आज़ाद पार्टी के प्रमुख गुलाम नबी आजाद ने भी सीपीआई के महासचिव सीताराम येचुरी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने एक्स पर लिखा कि लंबी बीमारी के बाद अनुभवी सीपीआई (एम) नेता सीताराम येचुरी के निधन के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर बहस के दौरान वाकपटु, विद्वान और मिलनसार नेता की कमी खलेगी। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवार, दोस्तों और अनुयायियों के साथ हैं।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भी सीपीआई नेता सीताराम येचुरी को श्रद्धांजलि दी। उपराष्ट्रपति कार्यालय ने उनके हवाले से कहा कि वरिष्ठ नेता सीताराम येचुरी जी के निधन से बहुत दुखी हूं। पांच दशक के उनके कॅरिअर का भारतीय लोकतंत्र को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वह सार्वजनिक सेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता की समृद्ध विरासत छोड़ गए हैं।
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने एक्स पर पोस्ट में सीताराम येचुरी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने लिखा कि वरिष्ठ नेता व पूर्व सांसद सीताराम येचुरी जी के निधन पर शोक व्यक्त करता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा परिजनों को इस दुख को सहन करने का साहस दें।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने भी गुरुवार को सीपीआई (एम) महासचिव सीताराम येचुरी के निधन पर शोक व्यक्त किया। आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील अंबेकर ने कहा कि सीपीएम नेता सीताराम येचुरी के निधन के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। हम उनकी पार्टी के लोगों और परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। वह एक प्रतिबद्ध और संवेदनशील राजनीतिक नेता थे। दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।