पीएनबी घोटाले में गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (एसएफआईओ) ने छह बैंकों के वरिष्ठ अधिकारियों से पूछताछ की। एसएफआईओ ने बैंक अधिकारियों से भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी से किए लेनदेन और उसके मामा मेहुल चोकसी के बारे में सवाल किए।
एसएफआईओ के एक अधिकारी के मुताबिक, मुंबई और दिल्ली समेत देश के अन्य शहरों में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, इलाहाबाद बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी और एक्सिस बैंक के संदिग्ध गतिविधियों वाले उन अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है, जो 13,000 करोड़ रुपये के पीएनबी धोखाधड़ी मामले के दौरान कार्यरत थे। पूछताछ अगले कुछ दिन तक चलेगी। करीब 31 बैंकों से नीरव और उसकी कंपनियों ने पैसा लिया था।
इसमें सार्वजनिक क्षेत्र के 20, जबकि नौ निजी और दो अंतरराष्ट्रीय बैंक शामिल हैं। एसएफआईओ ने प्राथमिक जांच और सूचना जुटाने के मद्देनजर मार्च, 2018 में बैंकों के कार्यकारियों से पूछताछ की थी। एसएफआईओ ने कई लाख खाता एंट्री की पड़ताल कर संदिग्ध लेनदेन के आंकड़े जुटाए हैं। अब इनके बारे में बैंकरों से पूछताछ की जा रही है।