तमिलनाडु की पार्टी पाट्टाली मक्कल कॉची (पीएमके) के नेता अंबुमणि रामदास ने विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा एलान किया। उन्होंने कहा कि अगले साल होने वाले तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद गठबंधन सरकार बनेगी। इसमें उनकी पार्टी भी शामिल होगी।
तिरुवल्लूर में पार्टी की जिला स्तरीय आम परिषद की बैठक में अंबुमणि ने गांव स्तर पर पहुंच बनाने और युवाओं को सदस्य के रूप में नामांकित करने जैसे उपायों के जरिये पार्टी को मजबूत बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि ऐसे उद्देश्यों के लिए जिला स्तरीय बैठकें आयोजित की जा रही हैं।
ये भी पढ़ें: 'कांग्रेस की विदेश नीति नेहरू परिवार केंद्रित थी, देश ने इसका खामियाजा भुगता', भाजपा सांसद का पलटवार
उन्होंने कहा कि अगले वर्ष तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद एक गठबंधन सरकार बनेगी, जिसमें उनकी पार्टी भी एक घटक होगी। उन्होंने कहा कि पीएमके की स्थापना डीएमके या एआईएडीएमके द्वारा सरकार गठन में सहायता करने के लिए नहीं की गई थी।
उन्होंने कहा कि हमें शासन भी करना चाहिए। तभी सामाजिक न्याय कायम रह सकता है। हमें किसी और चीज की जरूरत नहीं है। अंबुमणि ने कहा कि 2004 में उनकी पार्टी यूपीए-1 सरकार में साझेदार थी और यह पीएमके ही थी जिसने केंद्र सरकार के शैक्षणिक संस्थानों में ओबीसी के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की मांग को साझा न्यूनतम कार्यक्रम का हिस्सा बनाया था।
ये भी पढ़ें: केन्या से केरल पहुंचे पांच भारतीयों के शव, छुट्टी मनाने गए थे अफ्रीकी देश; सड़क हादसे में हुई थी मौत
उन्होंने कहा कि जब यूपीए सरकार बनने के दो साल बाद भी इस आश्वासन पर अमल नहीं हुआ तो पार्टी संस्थापक और उनके पिता रामदास ने कहा कि अगर वादा पूरा नहीं हुआ तो पीएमके गठबंधन से बाहर हो सकती है। उसके बाद ही यूपीए ने आश्वासन पूरा किया। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु को भी गठबंधन सरकार की जरूरत है। पीएमके का सिद्धांत सामाजिक न्याय है।