इन पांच राज्यों के बाद केरल से सबसे अधिक नए मामले सामने आए। जबकि केरल में पिछले महीने से लगातार नए मामले कम हो रहे थे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, नए मामलों में से 83.91 फीसदी मामले महाराष्ट्र, कर्नाटक, पंजाब, गुजरात, तमिलनाडु और केरल से सामने आए हैं। मंत्रालय ने बताया कि नए मामलों से केवल महाराष्ट्र के ही 61.8 फीसदी मामले हैं, जहां 24 घंटे में 17,864 नए मामले मिले। वहीं, केरल में 1,970 और पंजाब में 1,463 नए मामले सामने आए।
इसके साथ ही मंत्रालय ने बताया कि देश में अभी कोरोना वायरस के उपचाराधीन मरीजों की संख्या दो लाख 34 हजार 406 हो गई है,जो कुल मामलों का 2.05 फीसदी है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा, 'कुल उपचाराधीन मामलों में से महाराष्ट्र, केरल और पंजाब के 76.4 फीसदी मामले हैं। केवल महाराष्ट्र के ही 60 फीसदी मामले हैं।' मंत्रालय ने बताया कि बुधवार सुबह आठ बजे तक पांच लाख 86 हजार 855 सत्रों में कुल तीन करोड़ 50 लाख 64 हजार 536 लोगों को कोरोना वायरस के टीके लगाए जा चुके थे।
आंकड़ों के अनुसार, इनमें से 75 लाख छह हजार 155 स्वास्थ्य कर्मियों (एचसीडब्ल्यू) को पहली खुराक दी गई है और 45 लाख 54 हजार 855 एचसीडब्ल्यू को दूसरी खुराक दी जा चुकी है। वहीं, 76 लाख 30 अग्रिम मोर्चे पर तैनात कर्मियों (एफएलडब्ल्यू) को पहली खुराक और 16 लाख 47 हजार 644 एफएलडब्ल्यू को दूसरी खुराक दी जा चुकी है। देश में कुल एक करोड़ 10 लाख 45 हजार 284 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। वहीं, पिछले 24 घंटे में 188 और मरीजों की वायरस से मौत हुई है।
इसके साथ ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में कुल 15 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश ऐसे हैं, जहां पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से से मौत का एक भी मामला सामने नहीं आया। मंत्रालय के अनुसार इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में असम, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, उत्तराखंड, लक्षद्वीप, सिक्किम, मेघालय, दमन एवं दीव, दादरा एवं नगर हवेली, नगालैंड, त्रिपुरा, लद्दाख, मणिपुर, मिजोरम, अंडमान एवं निकोबर द्वीपसमूह और अरुणाचल प्रदेश शामिल हैं।
बैठक के दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि राज्य में एक सप्ताह में दो दिन महा टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य में अभी तक साढ़े सात लाख लोगों का टीकाकरण हो चुका है।