प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुरुवार को राष्ट्र को संबोधित करने के बाद कांग्रेस ने भी कहा कि कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में वह केंद्र सरकार के सभी प्रयासों का समर्थन करेगी।
विपक्षी दल के वरिष्ठ प्रवक्ता अजय माकन ने एक संवाददाता सम्मेलन में कोरोन से लड़ने के लिए देश में और जांच केंद्र (लैब) बनाने और ज्यादा से ज्यादा संख्या में जांच करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इस वायरस के खिलाफ लड़ने में व्यस्त लोगों (मेडिकल स्टाफ, सुरक्षाकर्मियों आदि) के लिए सुरक्षात्मक उपकरणों की कोई कमी नहीं होनी चाहिए।
नए पृथक केंद्रों और स्वास्थ्य केंद्र बनाने की वकालत करते हुए उन्होंने आईसीयू में बिस्तरों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया। माकन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उसके कार्यकर्ता कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में सरकार के साथ हैं। हम सुरक्षात्मक उपायों पर जागरूकता फैलाएंगे। हम जरूरत पड़ने पर आपात सेवाएं भी देंगे।
चिदंबरम ने भी किया समर्थन
वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने कहा कि प्रधानमंत्री का समर्थन करना उनका कर्तव्य है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि प्रधानमंत्री का समर्थन करना मेरा कर्तव्य है। प्रधानमंत्री ने जनता से नैतिक हथियारों के जरिए कोरोना वायरस से लड़ने को कहा है। हमें रविवार को और आने वाले दिनों में ऐसा ही करना चाहिए। मुझे ऐसा लग रहा है कि प्रधानमंत्री अगले कुछ दिनों में कठोर सामाजिक और आर्थिक कदमों की घोषणा करेंगे।
इससे पहले पार्टी के वरिष्ठ प्रवक्ता आनंद शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कहा था कि वह अपनी कथनी और करनी एक समान रखें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री 65 साल के अन्य नागरिकों को घर के अंदर रहने की सलाह दे रहे हैं और संसद सत्र चलने की अनुमति देकर सांसदों और हजारों की संख्या में लोगों को कोरोना वायरस संक्रमण के खतरे की ओर ले जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले भी राष्ट्र को संबोधित कर चुके हैं। पिछली बार प्रधानमंत्री मोदी ने जम्मू-कश्मीर पर केंद्र सरकार के फैसले के बाद देश को संबोधित किया था। इस दौरान प्रधानमंत्री जम्मू-कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 को हटाने और राज्य को दो हिस्सों में बांटने के सरकार के फैसले की जानकारी दी थी। आगे जानिए कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पद संभालने के बाद कब-कब राष्ट्र को संबोधित किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन : 27 मार्च, 2019- मिशन शक्ति
- भारत आज अंतरिक्ष की महाशक्ति बना, हमारे वैज्ञानिकों ने लो अर्थ ऑरबिट में एक लाइव सैटेलाइट को मार गिराया है।
- भारत ऐसा करने वाला दुनिया का चौथा देश बना है। इससे पहले सिर्फ रूस, अमेरिका और चीन के ये ताकत पास थी।
- मिशन 'शक्ति' के तहत ऑपरेशन महज तीन मिनट में पूरा हुआ। ये लक्ष्य 300 किलोमीटर दूर था।
- यह मिशन दोपहर 12 बजे से कुछ ही देर पहले शुरू हुआ था और काफी कम समय में हमारे वैज्ञानिकों ने यह कमाल कर दिखाया।
- भारत ने एंटी सैटेलाइट मिसाइल क्षमता हासिल की। भारत में ही निर्मित ए सैट मिसाइल से कामयाबी मिली है।
- हमारे वैज्ञानिकों पर हमें गर्व है। इस शानदार मिशन के लिए डीआरडीओ बधाई का पात्र है।
- अंतरिक्ष में भारत की प्रगति अहम है। ए-सैट मिसाइल भारत को सुरक्षा की दृष्टि से नई मजबूती देगी।
- हमारी अंतरिक्ष क्षमता किसी के विरुद्ध नहीं है। हमारा मकसद शांति बनाए रखना है, युद्ध करना नहीं।
- देशवासियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव के लिए आधुनिक तकनीक को अपनाना होगा।
- हमें अपने लोगों की कर्मठता और योग्यता पर पूरा भरोसा है।
वहीं इस संबंध में प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शशि शेखर ने एक ट्वीट कर कहा कि कुछ मीडिया संस्थान अनुमान लगा रहे हैं कि पीएम मोदी अपने संबोधन में कोरोना वायरस को लेकर लॉकडाउन की घोषणा करेंगे। यह जानकारी गलत है। यह लोगों के मन में अनावश्यक दहशत पैदा करेगी, जो कि इस तरह के समय में हमारी जरूरत है।