पीएम मोदी ने कहा, ''मैं आप सबसे आग्रह करता हूं, आपको अगर कोई भी जानकारी चाहिए हो, कोई और आशंका हो तो सही सोर्स से ही जानकारी लें। आपके जो फैमली डॉक्टर हो, आस-पास के डॉक्टर हों, आप उनसे फोन से संपर्क करके सलाह लीजिए। ''
उन्होंने कहा, ''मैं देख रहा हूं कि हमारे बहुत से डॉक्टर भी ये जिम्मेदारी स्वयं उठा रहे है। कई डॉक्टर सोशल मीडिया के जरिये लोगों को कोरोना से संबंधित जानकारियां दे रहे हैं। फोन और व्हाट्सएप पर भी काउंसलिंग कर रहे हैं। कई अस्पतालों की वेबसाइटों पर जानकारियां उपलब्ध हैं और आप वहां डॉक्टर से परामर्श भी ले सकते हैं। ये बहुत ही सराहनीय है।''
वैक्सीन को लेकर न फैलाएं अफवाह: मोदी
पीएम ने कहा कि कोरोना के इस संकट काल में वैक्सीन की अहमियत सभी को पता चल रही है, इसलिए मेरा आग्रह है कि वैक्सीन को लेकर किसी भी अफवाह में न आएं। भारत सरकार की तरफ से अभी मुफ्त वैक्सीन का जो कार्यक्रम चल रहा है, वो आगे भी चलता रहेगा। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की तरफ से मुफ्त वैक्सीन का जो कार्यक्रम अभी चल रहा है, वो आगे भी चलता रहेगा। मेरा राज्यों से भी आग्रह है कि वो भारत सरकार के इस मुफ्त वैक्सीन अभियान का लाभ अपने राज्य के ज्यादा से ज्यादा लोागें तक पहुंचाएं।
'मन की बात' में पीएम मोदी ने लैब टेक्नीशियन और एंबुलेंस ड्राइवर जैसे फ्रंटलाइन वर्कर की विपरीत परिस्थितियों में दिन रात सेवा देने के लिए सराहना की। पीएम ने कहा कि डाॅक्टर और नर्स स्टाफ के साथ इस समय लैब टेक्नीशियन और एंबुलेंस ड्राइवर जैसे फ्रंटलाइन वर्कर भी भगवान की तरह ही काम कर रहे हैं। जब कोई एंबुलेंस किसी मरीज तक पहुंचती है, तो उन्हें एंबुलेंस ड्राइवर देवदूत जैसा ही लगता है। इस दौरान पीएम मोदी ने प्रेम वर्मा नाम के एक एंबुलेंस चालक से बात की।
'मन की बात' यहां सुनें लाइव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' का 76वां संस्करण है, जिसे पीएम मोदी के फेसबुक पेज और ट्विटर पेज पर भी लाइव देखा व सुना जा सकता है। 'मन की बात' कार्यक्रम को आकाशवाणी, दूरदर्शन समाचार, प्रधानमंत्री कार्यालय तथा सूचना और प्रसारण मंत्रालय के यूट्यूब चैनलों पर भी सीधा प्रसारित हो रहा। इसे narendramodi.in/mannkibaat, narendramodi.in/downloadapp, prasarbharati.gov.in, newsonair.com पर भी सुना जा सकेगा। हिंदी में प्रसारण के तुरंत बाद 'मन की बात' कार्यक्रम का प्रसारण आकाशवाणी से क्षेत्रीय भाषाओं में किया जाएगा। अपने मोबाइल फोन पर 'मन की बात' सुनने के लिए आप 1922 नंबर पर मिस्ड कॉल भी कर सकते हैं।