प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जब गरीब, किसान, महिलाएं और युवा मजबूत होंगे, तो देश स्वत: ही शक्तिशाली बन जाएगा। उन्होंेने कहा, सरकार चाहती है कि मौजूदा व भावी पीढ़ियों को वह जीवन न जीना पड़े, जो पहले की पीढ़ी जी रही थी। हम देश की बड़ी आबादी को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए संघर्ष से बाहर निकालना चाहते हैं। लिहाजा गरीबों, किसानों, महिलाओं व युवाओं के भविष्य पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। हमारे लिए यही चार सबसे बड़ी जातियां हैं। समाज में अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकार पहुंचकर उसे योजनाओं से जोड़ रही है।
पीएम मोदी ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये देश के विभिन्न हिस्सों में विकसित भारत संकल्प यात्रा को संबोधित किया। उन्होंने कहा, इस यात्रा ने 50 दिन पूरे कर लिए हैं। इतने कम समय में यात्रा से 11 करोड़ लोगों का जुड़ना अभूतपूर्व है। यह यात्रा देश की यात्रा बन चुकी है, सपनों संकल्पों व भरोसे की यात्रा बन चुकी है। इसलिए देश का हर क्षेत्र, हर परिवार, अपने बेहतर भविष्य की उम्मीद के रूप में इसे मोदी की गारंटी वाली गाड़ी के रूप में देख रहा है। जिन गरीब लोगों का जीवन सरकारी योजनाओं का लाभ पाने के इंतजार में बीत गया, वे आज सार्थक बदलाव देख रहे हैं।
कोई भी हकदार लाभ से न छूटे
मोदी ने कहा, विकसित भारत संकल्प यात्रा का सबसे बड़ा मकसद है, कोई भी हकदार सरकारी योजना के लाभ से छूटना नहीं चाहिए। जागरूकता की कमी या दूसरे कारण से कुछ लोग सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं। ऐसे लोगों तक पहुंचना हमारा दायित्व है। जबसे यह यात्रा शुरू हुई है, तब से करीब 12 लाख नए लाभार्थियों ने उज्ज्वला के मुफ्त गैस कनेक्शन के लिए आवेदन किया है। इसके अलावा सुरक्षा बीमा योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना, पीएम स्वनिधि के लिए भी इस यात्रा के दौरान लाखों की संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं।