फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Big News: भुवनेश्वर जा रही फ्लाइट की कोलकाता में अपातकालीन लैंडिंग, तकनीकी खराबी के चलते लिया फैसला

Tue, 09 Jan 2024 04:53 AM IST
जलज मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

विमान के सवार यात्रियों का दावा है कि विमान में कुछ फटने की आवाज आई थी, जिसके बाद यह आपातकालीन लैंडिंग का फैसला लिया गया। कोलकाता से हवाई जहाज ने 5.10 बजे उड़ान भरी थी।
विज्ञापन
National News - फोटो : Social Media
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर जा रहा एक विमान तकनीकी खराबी के चलते वापस कोलकाता हवाईअड्डा लौट आया। विमान के सवार यात्रियों का दावा है कि विमान में कुछ फटने की आवाज आई थी, जिसके बाद यह आपातकालीन लैंडिंग का फैसला लिया गया। कोलकाता से हवाई जहाज ने 5.10 बजे उड़ान भरी थी।

विज्ञापन


सीएम शिंदे सहित शिवसेना विधायकों की अयोग्यता पर कल आ सकता है फैसला
विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सहित शिवसेना के 16 विधायको की अयोग्यता मामले की सुनवाई पूरी कर ली है। सुप्रीम कोर्ट ने 10 जनवरी तक फैसला सुनाने का निर्देश दिया है। ऐसे में विधानसभा अध्यक्ष बुधवार को अपना फैसला सुना सकते हैं।

शिवसेना विधायकों की अयोग्यता के फैसले पर महाराष्ट्र सहित देशभर की नजर है। यह फैसला मुख्यमंत्री शिंदे सहित 16 विधायकों का राजनीतिक भविष्य के साथ सूबे की राजनीति की दिशा भी तय करेगा। सूत्रों के अनुसार बुधवार को अपरान्ह चार बजे नार्वेकर शिवसेना (शिंदे गुट) और शिवसेना (उद्धव गुट) के वकीलों के सामने अपना फैसला सुना सकते हैं। विधानसभा सूत्रों ने बताया कि विधायकों की अयोग्यता पर नार्वेकर ने अपना फैसला तैयार कर लिया है। फैसले की शब्दावली को दुरुस्त किया जा रहा है।
विज्ञापन

 
तेलंगाना : टी राजा बने सभी 17 लोस क्षेत्रों के राजनीतिक प्रभारी
अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले तेलंगाना के विधायक टी राजा सिंह को भाजपा ने सोमवार को प्रदेश के सभी 17 लोकसभा क्षेत्रों का राजनीतिक प्रभारी नियुक्त किया। राजा सिंह को पैगंबर मोहम्मद के बारे में अपमानजनक टिप्पणी के बाद 2022 में पार्टी से निलंबित कर दिया था। इनके अलावा, राज्यसभा सांसद के लक्ष्मण को सिकंदराबाद का प्रभारी बनाया गया है।

वीवो मामला : लावा के एमडी की जमानत अर्जी पर आदेश सुरक्षित
चीनी स्मार्टफोन निर्माता वीवो के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में लावा इंटरनेशनल के प्रबंध निदेशक हरिओम राय की जमानत याचिका पर अदालत ने सोमवार को अपना आदेश सुरक्षित रख लिया। अदालत 12 जनवरी को फैसला सुनाएगी। राय ने मेडिकल आधार पर जमानत मांगी है। ईडी ने 10 अक्तूबर 2023 को राय को चीनी नागरिक गुआंगवेन, चार्टर्ड अकाउंटेंट नितिन गर्ग और राजन मलिक के साथ गिरफ्तार किया था।

महिला पत्रकार से दुर्व्यवहार मामले में सुरेश को जमानत
केरल हाईकोर्ट ने सोमवार को अभिनेता एवं भाजपा नेता सुरेश गोपी को पिछले साल अक्तूबर में मीडिया के साथ बातचीत के दौरान एक महिला पत्रकार से कथित तौर पर दुर्व्यवहार करने के मामले में अग्रिम जमानत दे दी है। न्यायमूर्ति सोफी थॉमस ने पुलिस को उन्हें गिरफ्तार किए जाने की स्थिति में जमानत देने का निर्देश दिया है। 

त्रिपुरा में प्रतिबंधित एनएलएफटी के उग्रवादी ने किया आत्मसमर्पण
त्रिपुरा के धलाई जिले में प्रतिबंधित संगठन, नेशनल लिब्रेशन फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (एनएलएफटी) के एक उग्रवादी उदय मानिक जमातिया ने रविवार को बीएसएफ के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। बीएसएफ अधिकारी ने कहा कि जमातिया गोमती जिले के तुलसीराम गांव का निवासी है। उसने हिंसा का रास्ता छोड़ सामान्य जीवन जीने का फैसला किया है। 

लड़की बन परीक्षा देने आया युवक गिरफ्तार
पैरा मेडिकल भर्तियों के तहत होने वाली परीक्षा में लड़की बनकर दूसरे की जगह पेपर देने आए एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि, मामला दर्ज करने के बाद युवक को जमानत पर रिहा कर दिया। फरीदकोट की बाबा फरीद यूनिवर्सिटी की ओर से रविवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर मल्टीपर्पज हेल्थ वर्करों की भर्ती के लिए लिखित परीक्षा हो रही थी। कोटकपूरा के डीएवी स्कूल में बने केंद्र पर परीक्षार्थियों की बायोमीट्रिक से जांच की जा रही थी। तभी एक नवविवाहिता के रूप में पहुंचे परीक्षार्थी का बायोमीट्रिक सफल नहीं हो पाया। पूछताछ में सामने आया कि वह फाजिल्का का अंग्रेज सिंह है और ढाणी मुंशी राम निवासी परमजीत कौर की जगह परीक्षा देने आया था।

बैंक धोखाधड़ी मामला : ईडी ने 45 करोड़ की संपत्ति की अटैच
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एसोसिएट हाई प्रेशर टेक्नोलॉजीज प्रा. लि. (एएचपीटीएल) से जुड़े बैंक धोखाधड़ी मामले में 45.23 करोड़ रुपये की चार अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से अटैच कर लिया है। ईडी ने कहा कि कुर्क की गई संपत्तियों में गुजरात के अंजार जिले में स्थित 37.39 करोड़ रुपये के प्लॉट और मुंबई के बांद्रा में स्थित कुल 7.84 करोड़ रुपये के तीन फ्लैट शामिल हैं। ये संपत्तियां रामचंद कोटुमल इसरानी, मोहम्मद फारूक सुलेमान दरवेश और एएचपीटीएल के प्रमोटर और निदेशक मनोहरलाल सतरामदास अगिचा की हैं। 

मामले में अपराध से प्राप्त 149.89 करोड़ रुपये की आय निर्धारित की गई है। जांच से पता चला है कि यूनियन बैंक ऑफ इंडिया से लिए गए कर्ज का एक बड़ा हिस्सा फर्जी एलसी, संबंधित संस्थाओं को असुरक्षित ऋण, बकाया चुकाने, संबंधित संस्थाओं को फर्जी कमीशन आदि देने में व्यय किया गया। इस मामले में ईडी ने मुंबई, गांधीधाम और पुणे में 12 ठिकानों पर तलाशी ली। मामले में ईडी ने रामचंद कोटुमल इसरानी और मनोहरलाल सतरामदास अगिचा को गिरफ्तार किया है। फिलहाल दोनों न्यायिक हिरासत में हैं। 

पायलटों को अब हफ्ते में 36 की जगह 48 घंटे का आराम
भारत में अब पायलटों को उड़ान ड्यूटी के दौरान 48 घंटे का अनिवार्य आराम दिया जाएगा। अब तक आराम की यह अवधि 36 घंटे थी। पायलटों को उड़ान के दौरान होने वाले थकान से बचाकर सुरक्षित उड़ान को प्रोत्साहन देने के लिए यह कदम उठाया गया है।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि संशोधित नियमों के तहत अब रात में काम करने वाले पायलटों के लिए अधिकतम उड़ान ड्यूटी अवधि को भी 13 घंटे से घटाकर 10 घंटे कर दिया गया है। इसके अलावा रात के संचालन के दौरान लैंडिंग की अधिकतम संख्या को भी छह से घटाकर दो कर दिया गया है। इसके अलावा डीजीसीए ने बताया कि संशोधित नियमों में सभी समय क्षेत्रों में विभिन्न प्रकार के संचालन को ध्यान में रखा गया है, खासतौर पर रात में उड़ान संचालन के लिए अधिकतम उड़ान समय और अधिकतम उड़ान ड्यूटी अवधि को आठ घंटे की उड़ान समय और 10 घंटे की उड़ान ड्यूटी तक सीमित कर दिया गया है। 

बंगाल के चुनाव आयुक्त ने कोर्ट से माफी मांगी
बंगाल के चुनाव आयुक्त राजीव सिंह ने अदालत की अवमानना मामले में कलकत्ता हाईकोर्ट से माफी मांगी। मुख्य न्यायाधीश टीएस शिवगणनम और न्यायमूर्ति उदय कुमार की खंडपीठ ने सोमवार को मामले की सुनवाई की। राजीव ने इस संबंध में शपथ पत्र के साथ कोर्ट को अपनी बात बताई और बिना शर्त माफी मांगी। राज्य चुनाव आयुक्त राजीव सिंह ने पंचायत चुनावों में केंद्रीय बलों की तैनाती के संबंध में कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश को  लागू नहीं किया था। उन्होंने सोमवार को हाईकोर्ट में हलफनामा दाखिल कर बताया कि अनजाने में कोई गलती हो गई होगी, इसके लिए वह अदालत  से क्षमाप्रार्थी हैं।

हत्या मामले में मंत्री टेनी को बरी करने के फैसले में दखल से सुप्रीम कोर्ट का इन्कार
सुप्रीम कोर्ट ने प्रभात गुप्ता की हत्या मामले में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा टेनी को बरी करने के इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश में हस्तक्षेप से मना कर दिया। उभरते छात्र नेता गुप्ता की वर्ष 2000 में लखीमपुर खीरी जिले में दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। उस मामले में केंद्रीय मंत्री टेनी समेत चार लोगों को आरोपी बनाया गया था। 2004 में टेनी को निचली अदालत ने बरी कर दिया था। निचली अदालत के आदेश के खिलाफ, शिकायतकर्ता संतोष गुप्ता (मृतक के पिता) ने हाईकोर्ट में पुनरीक्षण याचिका दायर की गई थी। साथ ही बरी करने के आदेश के खिलाफ राज्य सरकार ने अपील भी दायर की थी। हाईकोर्ट ने पुनरीक्षण याचिका और राज्य की अपील को खारिज कर दिया था। इसके बाद शिकायतकर्ता के कानूनी उत्तराधिकारी ने सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर की।

भ्रष्टाचार के मामले में केरल के सीएम को हाईकोर्ट का नोटिस
केरल हाईकोर्ट ने राज्य के मुख्यमंत्री पी विजयन को नोटिस जारी किया है। हाईकोर्ट ने सरकार से मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष (सीएमडीआरएफ) के दुरुपयोग के मामले में लोकायुक्त के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर जवाब मांगा है। मुख्य न्यायाधीश एजे देसाई और न्यायमूर्ति वीजी अरुण की पीठ ने मुख्यमंत्री और उनके 18 पूर्व कैबिनेट सहयोगियों को नोटिस जारी किया है।

गत 13 नवंबर को लोकायुक्त न्यायमूर्ति साइरिएक जोसेफ और उप-लोकायुक्त न्यायमूर्ति बाबू मैथ्यू पी जोसेफ और हारुन-उल-रशीद की तीन सदस्यीय पीठ ने सीएमडीआरएफ फंड के दुरुपयोग का आरोप लगाने वाली याचिका खारिज कर दी थी। लोकायुक्त के इस फैसले के खिलाफ आरएस शशिकुमार की याचिका में आरोप लगाया गया कि सीएम और उनके मंत्रिपरिषद ने सार्वजनिक सेवकों के रूप में अपनी स्थिति का दुरुपयोग किया और व्यक्तिगत हित और भ्रष्ट उद्देश्यों से प्रेरित होकर भ्रष्टाचार, पक्षपात और भाई-भतीजावाद को बढ़ावा दिया। लोकायुक्त ने याचिका खारिज करते हुए कहा था कि फैसले प्रकृति में मनमाने थे, लेकिन भ्रष्टाचार हुआ है।

कर्नाटक में दूषित पानी पीने से महिला की मौत, 35 लोग बीमार
कर्नाटक के विजयनगर जिले में दूषित पानी पीने से एक महिला की मौत हो गई और 35 लोग बीमार पड़ गए। घटना की सूचना पर आवास और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमीर अहमद खान ने विभाग के तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया। एक अधिकारी ने बताया कि यह मामला होस्पेट टाउन नगर पालिका के करिगनूर वार्ड का है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को पेयजल आपूर्ति, जल निकासी व्यवस्था और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। मामले की जांच जारी है। 

अभिनेता यश का जन्मदिन मना रहे 3 प्रशंसकों की करंट से मौत
कर्नाटक के गडग जिले में सोमवार को कन्नड़ फिल्म अभिनेता यश का जन्मदिन मना रहे तीन प्रसंशकों की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, लक्ष्मेश्वर तालुका के सूरंगी गांव में एक पोल में बैनर बांधते समय नवीन गाजी, हनुमंत और मुरली नदवीनामणि एक तार के संपर्क में आ गए, जिसमें करंट दौड़ रहा था। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

झारखंड : मंदिर में चोरी मूर्तियों को किया खंडित
झारखंड की राजधानी रांची के बरियातू में स्थित श्रीराम जानकी मंदिर में भगवान का मुकुट और अन्य सामान चोरी हो गया है। चोरों ने मंदिर की मूर्तियों को भी खंडित कर दिया। वहीं, स्थानीय लोगों ने इस पर विरोध जताते हुए रांची-बूटी मार्ग को जाम कर दिया। मंदिर के प्रबंधक ने पुलिस को इस संबंध में सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस के आलाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस के मुताबिक, चोरों ने रात को मंदिर का ताला तोड़ इस घटना को अंजाम दिया।

तमिलनाडु व गुजरात दौरे पर भारत-ब्रिटेन साझेदारी बढ़ाएंगे
दक्षिण एशिया मामलों के लिए ब्रिटेन के मंत्री लॉर्ड तारिक अहमद ने भारत की तीन दिन की यात्रा शुरू की है। वह तमिलनाडु ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट (टीएनजीआईएम) में यूके द्वारा वित्त पोषित दो नई स्थिरता परियोजनाओं को लॉन्च करने वाले हैं। साथ ही गुजरात यात्रा के दौरान वे भारत-ब्रिटिश घनिष्ठ व्यापार और नवाचार साझेदारी का निर्माण करेंगे।

बोइंग विमानों की संतोषजनक ढंग से पूरी हुई जांच : डीजीसीए
भारतीय विमानन नियामक ने कहा, बोइंग 737-8 मैक्स विमानों की जांच संतोषजनक ढंग से पूरी हो गई है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने घरेलू सेवाओं को अलास्का एयरलाइंस के विमान में हजारों फीट ऊपर हवा में खिड़की खुलने के तहत एहतियाती उपाय के रूप में अपने बेड़े में सभी बोइंग विमानों के आपातकालीन निकास की जांच के निर्देश दिए थे। ये जांच एयर इंडिया एक्सप्रेस (4), स्पाइसजेट (8) और अकासा (20) द्वारा बोइंग बी737-8 मैक्स विमानों के परिचालन बेड़े पर पूरी हुई। 

यूजीसी नेट दिसंबर परीक्षा की आंसर की में गलतियों को लेकर ज्ञापन
यूजीसी नेट दिसंबर परीक्षा की आंसर -की (उत्तर कुंजी) की 50 से अधिक गलतियां हैं। छात्रों की परेशानी को देखते हुए एबीपीपी ने छात्रों की ओर से यूजीसी और एनटीए को गलतियों में सुधार के लिए मांगपत्र सौंपा गया है। एबीवीपी के राष्ट्रीय महामंत्री याज्ञवल्क्य शुक्ल ने कहा कि एनटीए द्वारा आयोजित यूजीसी नेट की परीक्षा में बार बार इस प्रकार गंभीर अनियमितताओं का आना दुर्भाग्यपूर्ण है। एक ओर जहां राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 लागू होने से दूर-दराज व ग्रामीण इलाकों के छात्रों को शिक्षा क्षेत्र में व्यापकता व अवसरों का निर्माण हो रहा है। वहीं, एनटीए द्वारा आयोजित राष्ट्रीय दाखिला प्रवेश परीक्षा के आवेदन से लेकर उत्तर कुंजी में गलतियां ही गलतियां हैं। पहले छात्रों को आवेदन पत्र भरने में दिक्कत हुई और अब उत्तर कुंजी में गलतियां हैं। हमारी मांग है कि एनटीए इन अनियमितताओं को दूर करे। इसके अलावा भविष्य में इस प्रकार की गलतियां न हो, इस पर भी ठोस रणनीति बनानी होगी। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें