प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को गोवा पहुंचे। पीएम मोदी ने यहां 3 राष्ट्रीय आयुष संस्थानों का उद्घाटन किया। इसमें अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (एआईआईए) भी शामिल है। अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान में अधिकतम सुविधाएं हैं। यह जनता में आयुर्वेद के बारे में जागरूकता पैदा करेगा। पीएम ने गोवा में मोपा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का भी उद्घाटन किया। इसका नाम गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के नाम पर रखा गया है।
सीएम सावंत ने कही यह बात
इस दौरान गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि गोवा और आयुर्वेदा के लिए आज का दिन स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश बदल रहा है आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी अंतरराष्ट्रीय योगा दिवस लेकर आए। जो 70 सालों में नहीं हुआ था वो पीएम ने 8 साल में करके दिखाया है। आज तक गोवा में अलग से आयुष मंत्रालय नहीं था, मगर आज वर्ल्ड आयर्वेद कांग्रेस के बाद से गोवा में अलग से आयुष मंत्रालय होगा। वो राज्य में आयुष डॉक्टर के लिए समर्पित होगा।
आयुर्वेद सम्मेलन में 50 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया
पीएम मोदी नौवें विश्व आयुर्वेद सम्मेलन और आरोग्य एक्सपो के समापन सत्र को संबोधित करने के लिए तटीय राज्य पहुंचे थे। आयुर्वेद सम्मेलन में 50 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
मोपा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोवा में मोपा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। इस दौरान उनके साथ गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मौजूद रहे। इस एयरपोर्ट को गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री और दिवंगत भाजपा नेता मनोहर पर्रिकर के नाम से जाना जाएगा। इसकी आधारशिला नवंबर 2016 में उनके द्वारा रखी गई थी। यह गोवा में दूसरा हवाई अड्डा होगा, पहला डाबोलिम में स्थित है।
इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि हमारे देश में आधारभूत संरचना को लेकर दशकों तक जो दृष्टिकोण रही, उसमें सरकारों द्वारा लोगों की जरूरत से ज्यादा वोट बैंक को प्राथमिकता दी गई। इस वजह से अक्सर ऐसी परियोजनाओं पर हजारों करोड़ रुपए खर्च किए गए जिसकी जरूरत नहीं थी। इसी वजह से अक्सर जहां आधारभूत संरचना लोगों के लिए जरूरी हुआ करता था, उसे नजरअंदाज कर दिया जाता था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जब अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार केंद्र मे थी, तब इस हवाई अड्डे की प्लानिंग हुई थी। मगर उनकी सरकार जाने के बाद इस हवाई अड्डे के लिए बहुत कुछ नहीं किया गया। लंबे समय तक ये प्रोजेक्ट लटका रहा। 2014 के बाद हमने सभी प्रक्रियाएं तेजी से शुरू की और 6 साल पहले मैंने यहां आकर इसकी आधारशिला रखी। कई अड़चनों के बाद आज ये शानदार हवाई अड्डा बनकर तैयार है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस हवाई अड्डे से निश्चित रूप से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। 2 हवाई अड्डा होने से कार्गो हब के रूप में भी गोवा के लिए संभावनाएं बहुत बढ़ गई हैं। 2014 से पहले सरकारों को जो रवैया था उससे हवाई यात्रा एक लक्जरी के रूप में स्थापित हो गई थी। इसका लाभ ज्यादातर समृद्ध लोग ही उठा पाते थे। पहले की सरकारों ने सोचा ही नहीं कि सामान्य वर्ग और मध्यम वर्ग भी उतना ही हवाई यात्रा करना चाहता है।
उन्होंने कहा कि इसलिए तब की सरकारें आवाजाही के तेज माध्यमों पर निवेश करने से बचती रही। इसका नतीजा ये हुआ कि हवाई यात्रा से जुड़े, इतनी बड़ी संभावना होने के बावजूद भी हम उसमें पीछे रह गए। अब देश विकास की सोच के साथ आगे बढ़ रहा है तो हम इनके नतीजे भी देख रहे हैं। आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा विमानन मार्केट बन गया है। पिछले 8 वर्षों में भारत ने पर्यटकों के लिए 'यात्रा सुगमता' को बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया है। हमने आगमन पर वीजा की सुविधा बढ़ाई है और वीजा प्रक्रिया को सरल बनाया है।
उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा विमानन मार्केट बन गया है। पिछले 8 वर्षों में भारत ने पर्यटकों के लिए 'यात्रा सुगमता' को बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया है। हमने आगमन पर वीजा की सुविधा बढ़ाई है और वीजा प्रक्रिया को सरल बनाया है।
सिंधिया ने कही यह बात
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि गोवा में पहले ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे का उद्घाटन हो रहा है। यहां नया इतिहास रचा जा रहा है कि एक शहर में 2-2 हवाई अड्डे हो गए। पूर्व सरकारों में 1 साल में 1 हवाई अड्डे का निर्माण नहीं होता था लेकिन आज 1 साल में कई हवाई अड्डों का निर्माण होता है। गोवा में पहले ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे का उद्घाटन हो रहा है। यहां नया इतिहास रचा जा रहा है कि एक शहर में 2-2 हवाई अड्डे हो गए। पूर्व सरकारों में 1 साल में 1 हवाई अड्डे का निर्माण नहीं होता था लेकिन आज 1 साल में कई हवाई अड्डों का निर्माण होता है।