प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को सोशल वेबसाइट इंस्टाग्राम पर पीछे छोड़ दिया है। इंस्टाग्राम पर पीएम मोदी को फॉलो करने वाले फैन्स की तादाद अमेरिकी राष्ट्रपति से ज्यादा हो गई है। पीएम मोदी को इंस्टाग्राम पर 69 लाख लोग फॉलो करते हैं। आपको बता दें कि मोदी अब तक इंस्टाग्राम पर 101 पोस्ट शेयर कर चुके हैं। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 63 लाख फॉलोअर्स हैं। ट्वीप्लोमेसी ने इस बारे में ट्वीट कर जानकारी दी है।
यह निष्कर्ष एक वैश्विक अध्ययन ‘वल्र्ड लीडर्स ऑन इंस्टाग्राम’ के विश्लेषण पर आधारित है। इसके तहत पिछले एक वर्ष में इंस्टाग्राम पर मौजूद 325 राष्ट्राध्यक्षों, शासनाध्यक्षों और विदेश मंत्रियों के खातों का अध्ययन किया गया है।
बता दें कि सबसे ज्यादा फॉलोअर्स की इस लिस्ट में भारतीय प्रधानमंत्री अमेरिकी राष्ट्रपति को टविटर के मैदान में भी पीछे छोड़ चुके हैं। और सिर्फ टविटर ही नहीं, नरेंद्र मोदी के फॉलोअर्स फेसबुक पर भी डोनाल्ड ट्रंप की तुलना में दोगुने हैं।
इंस्टाग्राम पर फॉलोअर्स की लिस्ट में ट्रंप 63 लाख फॉलोवर्स के साथ दूसरे नंबर पर हैं जबकि पोप फ्रांसिस तीन नंबर पर हैं जिन्हें 37 लाख लोग फॉलो करते हैं। सर्वे के अनुसार इंस्टाग्राम के जरिये इंटरऐक्शन के मामले में ट्रंप सबसे आगे हैं और प्रधानमंत्री मोदी इस मामले में चौथे पायदान पर आते हैं।