प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को इस्राइल के यहूदी समुदाय को त्योहार हनुक्का की बधाई दी। यह त्योहार आठ दिनों तक चलता है। प्रधानमंत्री ने इसकी तुलना दिवाली से करते हुए कहा कि यह बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक हैं।
प्रधानमंत्री ने ट्विटर पर लिखा, 'इस्राइल के लोगों को छग हनुक्काह की बधाई। हनुक्का और दिवाली दोनों त्योहार भारत और इस्राइल के बीच साझा सांस्कृतिक संबंधों को दर्शाते हैं। दोनों ही त्योहार बुराई पर अच्छाई के प्रतीक हैं।' उन्होंने अपने ट्वीट में इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को टैग भी किया है।
2014 में पहली बार प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी ने नेतन्याहू के साथ दोस्ती के रिश्ते को गहरा करने की कोशिश शुरू कर दी थी। वह 2017 में दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों के 25 साल पूरे होने पर इस्राइल गए थे। जिसके बाद नेतन्याहू भारत के दौरे पर आए थे। इस्राइल में इस साल हुए चुनाव अभियान के दौरान नेतन्याहू ने पोस्टरों में मोदी की तस्वीरों का प्रयोग किया था।
प्रधानमंत्री मोदी के अलावा अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी यहूदी समुदाय को हनुक्का त्योहार की बधाई दी है। व्हाइट हाउस की तरफ से जारी बयान में कहा गया है, 'मेलानिया और मेरी तरफ से यहूदी समुदाय को हनुक्का की बधाई।' इस बयान में हनुक्का के ऐतिहासिक महत्व का भी जिक्र है।
हनुक्का यहूदियों का बड़ा त्योहार है जिसे आठ दिनों तक मनाया जाता है। इसे रोशनी का त्योहार कहा जाता है। ऐसी मान्यता है कि दूसरी सदी में यहूदी समुदाय ग्रीक और सीरियाई उत्पीड़कों के खिलाफ खड़ा हुआ था। जिसे मकैबियन विद्रोह का नाम दिया गया। उसकी याद में यहूदी हर साल हनुक्का मनाते हैं। हिब्रू भाषा में हनुक्का का मतलब समर्पण होता है।