डॉक्टर, पुलिस और फौज, सभी मोर्चे पर जुटे हुए हैं
- फोटो : Amar Ujala Graphics
भारत, 15 अगस्त, 2020 को अपनी 74 साल की आजादी का जश्न मनाएगा और अपने नए सफर की तरफ एक और कदम बढ़ाएगा। नया सफर होगा आत्मनिर्भरता के साथ विकास की तरफ आगे बढ़ने का। हालांकि कोरोना संकट के बीच इस बार नए सफर की शुरुआत बिल्कुल नए तरीके से होगी। हर बार की तरह इस बार भी ऐतिहासिक लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तिरंगा फहराएंगे और देश को संबोधित करेंगे। लेकिन इस दौरान कई चीजें और नियम बदल जाएंगे। लाल किला मैदान में हर बार करीब 10 हजार लोग पहुंचते थे, लेकिन इस बार इनकी जगह करीब 1500 कोरोना वारियर्स को यहां आमंत्रित किए जाने की बात हो रही है।
वैश्विक महामारी के इस दौर में स्वास्थ्यकर्मियों, सुरक्षाकर्मियों और शिक्षकों ने सबसे ज्यादा मेहनत की है और जान जोखिम में डालकर लोगों को वायरस से बचाने में मदद की। ऐसे में इन सभी योद्धाओं की वीरता, समर्पण और राष्ट्र प्रेम को पीएम और सरकार सम्मान देने की तैयारी में है। इस राष्ट्रीय पर्व के मौके पर ऐसे ही हजारों कोरोना वॉरियर्स के सामने पीएम अपना संबोधन देंगे और कोरोना के खिलाफ लड़ाई में उनका मनोबल बढ़ाएंगे।
स्वतंत्रता दिवस के इस राष्ट्रीय पर्व में शामिल होने वाले 1500 कोरोना योद्धाओं में दिल्ली पुलिस के करीब 200 जवान, पैरामिलिट्री फोर्सेज के जवान, स्वास्थ्यकर्मी और कोरोना से ठीक हो चुके लोगों के भी शामिल होने की चर्चा है। कोरोना के खतरे को देखते हुए इस बार इलाके को पूरी तरह से सैनिटाइज किया जाएगा, साथ ही सामाजिक दूरी जैसे नियमों को भी सख्ती से लागू किया जाएगा।
गौरतलब है कि इससे पहले भी कोरोना वारियर्स का आभार जताने और उनका मनोबल बढ़ाने के लिए पीएम मोदी के कहने पर देशभर में लोगों ने अपने घरों से तालियां, घंटिया और शंख बजाये थे।