प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को मध्यप्रदेश के दौरे पर आए है। पीएम ने मेरा बूथ-सबसे मजबूत कार्यक्रम के तहत अल्पकालिक विस्तारकों को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने विपक्षी एकता, महंगाई, समान नागरिक संहिता, भ्रष्टाचार, तीन तलाक जैसे तमाम मुद्दों पर अपनी बात रखी। यही नहीं पीएम ने अपने भाषण के जरिए 2024 के आम चुनाव का एजेंडा तय कर दिया।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में एक तरफ तीन तलाक, पसमांदा मुसलमानों का जिक्र करते हुए तुष्टिकण पर कांग्रेस की पिछली सरकारों पर निशाना साधा। दूसरी तरफ बहुप्रतीक्षित समान नागरिक संहिता का मुद्दा भी छेड़ दिया। समान नागरिक संहिता का मुद्दा इसलिए भी अहम है क्योंकि यह भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र का ऐसा बचा हुआ वादा है जिसे पार्टी ने अब तक पूरा नहीं किया है। अपने संबोधन में भी पीएम ने समान नागरिक संहिता पर सारा भ्रम दूर कर दिया। उन्होंने संकेत दे दिया कि अगले चुनाव में जाने से पहले मोदी सरकार की प्राथमिकता में यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) सबसे ऊपर है और उस दिशा में जल्द फैसला हो सकता है।
80 फीसदी मुसलमानों को साधने की कोशिश
पीएम ने अपने संबोधन में पसमांदा मुसलमानों की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि वोट बैंक की राजनीति करने वालों ने पसमांदा मुसलमानों का जीना मुश्किल कर रखा है। वे तबाह हो गए, उन्हें कोई फायदा नहीं मिला है। वे कष्ट में गुजारा करते हैं। उनके ही धर्म के एक वर्ग ने पसमांदा मुसलमानों का इतना शोषण किया है, लेकिन देश में इस पर चर्चा नहीं हुई। पसमांदा को आज भी बराबरी का हक नहीं मिलता। उन्हें नीचा और अछूत समझा जाता है। पसमांदा मुसलमान पिछड़े होते हैं। लेकिन भाजपा सबके विकास की भावना से काम कर रही है। घर हो या स्वास्थ्य, मुसलमान भाई.बहनों को भी पूरी सुविधा मिल रही है। पीएम ने यूं ही पसमांदा मुसलमानों की बात नहीं की। दरअसल, देश के 80 फीसदी से ज्यादा मुसलमान पसमांदा हैं। ये आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक ताकत में पीछे रह गए हैं और भाजपा 2024 से पहले उन्हें अपने साथ जोड़ने की पूरी कोशिश कर रही है। बीजेपी को लगता है कि मुस्लिमों में बहुसंख्यक पसमांदा उपेक्षित रहा है और इसे कल्याणकारी सरकारी योजनाओं का लाभ देकर आसानी से करीब लाया जा सकता है।
विपक्षी दलों और परिवारवाद पर फिर हमला, नहीं लिया नीतीश का नाम
यहीं नहीं प्रधानमंत्री ने भोपाल में विपक्षी महाजुटान पर भी जमकर हमला बोला। अपने संबोधन में पीएम ने पीएम ने एक एक कर सभी घोटालों की लिस्ट गिनाई। वहीं उन्होंने परिवारवाद की राजनीति करने वालों पर हमला बोला। पीएम ने बिहार के मुख्यमंत्री लालू प्रसाद और उनके परिवार को भी निशाने पर लिया। पीएम मोदी ने साफ शब्दों में कहा कि किसी एक परिवार और उनके बेटे.-बेटियों का विकास करना हो, तो उन्हें वोट दीजिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि ये सभी दल एक ही चीज की गारंटी हैं. भ्रष्टाचार और घोटाले की। ये सभी पार्टियां पहले से भ्रष्टाचार में लिप्त रही हैं। आज जब उनके खिलाफ कार्रवाई हो रही है तो सभी एक साथ आने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं भी एक गारंटी देता हूं. हर घोटालेबाजों के खिलाफ कार्रवाई की। प्रधानमंत्री ने विपक्षी एकता में शामिल सभी दलों के परिवारों पर तंज कसा। हालांकि इस दौरान वे नीतीश कुमार के खिलाफ एक भी शब्द नहीं बोले।