ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल के सफल परीक्षण पर पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए इसकी सराहना की। पीएम मोदी ने कहा कि ब्रह्मोस ने इस सफलता के साथ एक और मील का पत्थर हासिल किया है। यह उन्नत परिचालन क्षमताओं और अतिरिक्त स्वदेशी प्रौद्योगिकियों से परिपूर्ण है।
बता दें कि भारत ने बुधवार को विस्तारित रेंज ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल का सफलतापूर्वक परीक्षण किया, जो 400 किमी से अधिक दूरी तक दुश्मन को ढेर कर सकती है। यह परीक्षण उड़ीसा के बालासोर में किया गया।
इस परीक्षण को रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) के पीजे-10 परियोजना के तहत किया गया। इसके तहत मिसाइल को स्वदेशी बूस्टर के साथ लॉन्च किया गया। यह ब्रह्मोस सुपरसोनिक मिसाइल के विस्तारित रेंज संस्करण का दूसरा परीक्षण था। इस मिसाइल का एयरफ्रेम और बूस्टर स्वदेशी है।