प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि वह पूर्वी आर्थिक मंच की बैठक में हिस्सा लेने के लिए अपनी व्लादिवोस्तोक यात्रा के दौरान रूसी राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन के साथ आपसी हितों से जुड़े क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा को लेकर आशान्वित हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी यह यात्रा दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को विविधता प्रदान करने और रिश्तों को और मजबूत बनाने की इच्छा को प्रदर्शित करती है।
मोदी की रूस के इस सुदूर पूर्वी क्षेत्र की यात्रा किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा है। व्लादिवोस्तोक में मोदी पांचवीं पूर्वी आर्थिक मंच की बैठक में राष्ट्रपति पुतिन के निमंत्रण पर मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी व्लादिवोस्तोक में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ 20वीं वार्षिक द्विपक्षीय शिखर बैठक करेंगे। मोदी और पुतिन देश के एक प्रमुख पोत निर्माण यार्ड का भी संयुक्त दौरा करेंगे। मोदी ने कहा, मैं पूर्वी आर्थिक मंच की बैठक में हिस्सा लेने वाले वैश्विक नेताओं के साथ बैठक और इसमें हिस्सा लेने वाले भारतीय उद्योगों एवं कारोबारी प्रतिनिधियों से चर्चा के लिए भी उत्सुक हूं ।