प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही केंद्रीय मंत्रिमंडल का विस्तार कर सकते हैं। ऐसा माना जा रहा है कि 12 से 21 अगस्त के बीच कैबिनेट में बदलाव किए जा सकते हैं, जिसको लेकर पीएम मोदी और बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बातचीत की है। बताया जा रहा है कि करीब 12 नए चेहरे मोदी कैबिनेट का हिस्सा बन सकते हैं, जिसमें से 9 बीजेपी के और 3 दूसरे सहयोगी दलों के होंगे।
इतना हीं नहीं कई मंत्रियों के विभाग बदले जा सकते हैं और काम न करने वालों की छुट्टी भी की जा सकती है। सूत्रों के मुताबिक मोदी सरकार 2019 के लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखकर कई मंत्रालयों में फेरबदल कर सकती है, इसलिए नए चेहरों को मौका दिया जा सकता है।
वहीं राज्यसभा के लिए नॉमिनेशन दाखिल कर चुके अमित शाह ने लखनऊ में मीडिया से बातचीत की। मंत्रिमंडल में शामिल होने पर शाह ने कहा कि वे अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से खुश हैं। तीन दिन के दौरे पर उत्तर प्रदेश आए अमित शाह ने आज लखनऊ में प्रेस कांफ्रेंस करके राज्य और केंद्र में काम कर रही बीजेपी सरकार की उपलब्धियों को गिनाया।
उन्होंने कहा कि राज्य की योगी सरकार अपने चार माह पूरे कर चुकी है और केंद्र की मोदी सरकार अपने तीन साल, लेकिन अभी तक दोनों पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप विपक्षी नहीं लगा सके हैं। जबकि पिछले दस साल चली सरकार में हर रोज एक घोटाला सामने आ रहा था।