प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा का जवाब दिया। पीएम मोदी ने इस दौरान बताया कि कोरोना काल में अलग-अलग क्षेत्रों में कैसे काम किया। पीएम मोदी ने कहा कि जब कोरोना की शुरुआत हुई तो लोगों को लग रहा था कि भारत का क्या होगा। इस बात पर भी चर्चा हुई कि भारत की वजह से दुनिया पर क्या असर पड़ेगा। लेकिन देश के 130 करोड़ लोगों की इच्छाशक्ति और अनुशासन के कारण भारत के प्रयासों की दुनिया भर में सराहना हो रही है। इसके अलावा उन्होंने रोजगार से लेकर महंगाई के मुद्दे पर विपक्ष को करारे जवाब दिए। वहीं लगभग 30 मिनट के संबोधन के बाद पीएम मोदी कांग्रेस पर चुन-चुनकर हमले करने लगे। यहां पढ़ें पीएम मोदी के संबोधन की प्रमुख बातें...
लॉकडाउन के दौरान हमने किसानों से रिकॉर्ड स्तर पर खरीदारी की
लॉकडाउन के दौरान हमारे किसानों ने शानदार काम किया। उन्होंने अभूतपूर्व मात्रा में उत्पादन किया और हमने उनसे रिकॉर्ड स्तर पर खरीदारी की।
कोरोना काल में 80 करोड़ से भी अधिक देशवासियों को मुफ्त राशन
राज्यसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस कोरोना काल में 80 करोड़ से भी अधिक देशवासियों के लिए इतने लंबे कालखंड के लिए मुफ्त में राशन की व्यवस्था की गई, ताकि ऐसी स्थिति कभी पैदा न हो कि उनके घर का चूल्हा न जले। भारत ने ये काम करके दुनिया के सामने एक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
5 करोड़ ग्रामीण परिवारों को स्वच्छ नल जल योजना का लाभ
पीएम मोदी ने कहा कि कोरोना के दौरान 5 करोड़ ग्रामीण परिवारों को स्वच्छ नल के पानी के कनेक्शन प्रदान किए गए हैं।
कोरोना काल में MSME और खेती-किसानी पर विशेष फोकस
पीएम मोदी ने कहा कि कोरोना काल में हमारी सरकार ने दो मुख्य क्षेत्रों MSME और खेती-किसानी पर विशेष ध्यान दिया। इस दौरान किसानों को ज्यादा MSP मिला। पैसा सीधा बैंक खातों में जमा हुआ।