प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सैंकड़ों यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार की तारीफ की है। पीएम मोदी ने पायलट स्मित मच्छार को हीरो बताया। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा एक पोस्ट में कहा, 'स्मित मच्छार एक हीरो हैं.' पीएम मोदी ने कहा कि बहुत ही खतरनाक हालात और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद भी उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए बहुत ही हिम्मत दिखाई। उनकी बहादुरी की वजह से ही सैकड़ों लोगों की जान बची और एक बड़ी त्रासदी टल गई। भारत को कैप्टन मच्छार पर गर्व है। हम उनके जल्दी स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।
पीएम मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से फोन पर बात की। विमान में हुई गंभीर घटना के दौरान घायल होने के बावजूद यात्रियों की सुरक्षा में भूमिका निभाने वाले कैप्टन मच्छार की प्रधानमंत्री ने बहादुरी की सराहना की।
सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी ने कैप्टन मच्छार की पत्नी और उनके माता-पिता से बातचीत की। प्रधानमंत्री ने उनकी हिम्मत की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके साहस से सैकड़ों लोगों की जान बचाने में मदद मिली। प्रधानमंत्री ने परिवार को भरोसा दिलाया कि भारतीय मिशन कैप्टन मच्छार के इलाज और अन्य जरूरी मामलों में हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहे हैं। रियाद स्थित भारतीय दूतावास भी उनके परिवार के संपर्क में है और सऊदी अधिकारियों के साथ समन्वय कर मदद उपलब्ध करा रहा है।
भारतीय पायलट ने कैसे बचाई 174 लोगों की जान?
बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रहे फ्लाईदुबई के विमान को हाईजैक कर क्रैश करने की कोशिश की गई। आरोपी सह-पायलट ही था, लेकिन विमान के भारतीय पायलट स्मित मच्छार ने आरोपी की साजिश को नाकाम कर दिया। इस दौरान आरोपी सह-पायलट ने स्मित मच्छार पर चाकू से हमला किया और विमान के सिस्टम को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। हालांकि मुश्किल हालात में भी कैप्टन स्मित मच्छार ने चाकू के कई वार झेलने के बावजूद गजब की हिम्मत दिखाते हुए विमान के कॉकपिट का दरवाजा खोला। जिसके बाद विमान में सवार दो ऑफ ड्यूटी इस्राइली पायलट और अन्य यात्रियों ने हमलावर को काबू किया और 174 यात्रियों को ले जा रहे विमान को क्रैश होने से बचा लिया। इस घटना में कैप्टन मच्छार गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनका सऊदी अरब के ताबुक में एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पीएम मोदी
- फोटो : अमर उजाला
इस्राइली पीएम नेतन्याहू ने भी भारतीय पायलट की तारीफ की
विमान में सवार 174 यात्रियों में से 150 इस्राइली नागरिक थे, जिनमें 27 बच्चे भी शामिल थे। यही वजह है कि इस्राइली सरकार ने भी भारतीय पायलट की दिल खोलकर तारीफ की है। इस्राइली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने भी भारतीय पायलट की असाधारण बहादुरी को सलाम किया। नेतन्याहू ने कहा, 'मैं इन नायकों को सलाम करता हूं, जिन्होंने असाधारण सूझबूझ और साहस का परिचय दिया। उन्होंने कई लोगों की जान बचाई। उन्होंने एक बड़ी त्रासदी को होने से रोक दिया। वह एक सच्चे नायक हैं।'
बेन गुरियन एयरपोर्ट के लाउंज का नाम कैप्टन मच्छार के नाम पर रखने की तैयारी
इस्राइल के डिप्टी मिनिस्टर अल्मोग कोहेन ने कैप्टन स्मित मच्छार को पूरे इस्राइल का हीरो बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, 'आज इस्राइल देश के हीरो भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार हैं। अपनी अद्भुत सूझ-बूझ से उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोला और इस्राइली शेरों को उस कायल लकड़बग्घे पर झपटने का मौका दे दिया, जिसने लगभग 200 बेगुनाहों की जान लेने की कोशिश की। कैप्टन मच्छार, इस्राइल आपका आभारी है।'
अल्मोग कोहेन ने कहा कि अगली बार जब इस्राइली संसद की बैठक होगी तो वे बेन गुरियन एयरपोर्ट के एक लाउंज का नाम कैप्टन स्मित मच्छार के नाम पर रखने का प्रस्ताव रखेंगे।