प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को एक वीडियो जारी कि, जिसमें वे शीर्ष गेमर्स के साथ बातचीत कर रहे थे। वीडियो में उन्होंने गेमर्स के साथ गेमिंग से जुड़े ‘नूब’ और ‘ग्राइंड’ शब्दों पर चर्चा की। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि अगर मैं ‘नूब’ नौसिखिया बोलूंगा तो आप इसे किसी खास से जोड़ लेंगे।
कांग्रेस नेता ने दी प्रतिक्रिया
कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने पीएम मोदी की इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुझे नहीं पता कि वे किसके बारे में बात कर रहे हैं लेकिन इतना तो साफ है कि वह एक विपक्षी नेता के बारे में बात कर रहे हैं। उनकी टिप्पणी से ऐसा लग कर रहा है कि वे किसी ऐसे व्यक्ति के बारे में बात कर रहे हैं, जिसने विश्व के शीर्ष विश्वविद्यालयों में पढ़ाई की है। लोकसभा चुनाव नजदीक है, ऐसे में यह सिर्फ भाजपा की रणनीति है। इसका उल्टा असर होगा।
पीएम ने किसी का नाम नहीं लिया तो कांग्रेस क्यों दे रही है प्रतिक्रिया: पूनावाला
वहीं, भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की टिप्पणी पर विपक्षी नेता ने प्रतिक्रिया दी, जिससे इस बात की पुष्टि हो गई है कि राजनीति का नूब कौन है। एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने किसी का नाम नहीं लिया तो कांग्रेस नेता प्रतिक्रिया क्यों दे रहे हैं। इसके अलावा, भाजपा की लोकसभा उम्मीदवार कंगना रनौत ने गेमर्स के साथ पीएम मोदी की बातचीत का वीडियो पोस्ट करते हुए पूछा कि यह नौसिखिया कौन है।
देश जानता है कि सबसे बड़ा नौसिखिया कौन है
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरूण चुघ ने कहा कि पूरा देश जानता है कि विपक्ष का सबसे बड़ा नौसिखिया कौन है। इंडी गठबंधन में कई राजकुमार और राजकुमारियां हैं, जिन्हें जमीनी हकीकत के बारे में कुछ नहीं पता है। उन्हें देश की समस्याओं की कोई जानकारी ही नहीं है। उन्हें देश के बारे में नहीं पता है। ये वही नेता है, जिन्होंने सेवन स्टार स्कूल-कॉलेजों में फाइव स्टार कल्चर सीखा है। यह वही नेता हैं, जो हेलीकॉप्टर में उड़ते हैं। उन्होंने कहा कि गठबंधन में ऐसे तो कई सारे नौसिखिये हैं लेकिन आपको यह पता होना चाहिए कि सबसे बड़ा नौसिखिया कौन है। देश की जनता भी जानती है कि भारत का सबसे बड़ा नौसिखिया कौन है।