गुजरात में अपने शिक्षक से मिले पीएम मोदी
- फोटो : सोशल मीडिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अब तक आपने उनकी मां के साथ तस्वीरें देखी होंगी। पहली बार उनकी तस्वीर अपने स्कूल के शिक्षक के साथ सामने आयी है। प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को जब नवसारी में अपने स्कूली शिक्षक जगदीश नाइक से मिले तो दोनों की खुशी का ठिकाना न रहा। मोदी ने अपने शिक्षक को प्रणाम किया तो उन्होंने भी सिर पर हाथ फेरते हुए आशीर्वाद दिया।
3000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण
दरअसल प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को गुजात के नवसारी में 'गुजरात गौरव अभियान' में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने 3000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास और भूमिपूजन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा, "आज गुजरात गौरव अभियान है। मुझे इस बात का विशेष गौरव हो रहा है कि मैंने इतने साल मुख्यमंत्री के रूप में काम किया। लेकिन कभी आदिवासी क्षेत्र में इतना बड़ा कार्यक्रम नहीं हुआ था।"
उन्होंने कहा, "आज मुझे गर्व इस बात का हो रहा है कि गुजरात छोड़ने के बाद लोगों ने गुजरात संभालने का दायित्व निभाया और आज भूपेंद्र भाई और सीआर पाटिल की जोड़ी जिस उमंग और उत्साह के साथ नया विश्वास जगा रही है।"
'गुजरात गौरव अभियान का हिस्सा बनना गर्व की बात'
प्रधानमंत्री ने आगे कहा, "नवसारी की इस पावन धरती से मैं उनाई माता मंदिर को सिर झुकाकर प्रणाम करता हूं। आदिवासी सामर्थ्य और संकल्पों की भूमि पर गुजरात गौरव अभियान का हिस्सा बनना..ये भी मेरे लिए अपने आप में गौरवपूर्ण बात है।
'गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ा रही डबल इंजन सरकार'
उन्होंने आगे कहा, "बीते दशक में जो तेज विकास हुआ है। सबका विकास हुआ है और इस विकास से पैदा हुई नई आकांक्षाएं गौरवशाली परंपरा को डबल इंजन की सरकार ईमानदारी से आगे बढ़ा रही है। आज मुझे तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास और भूमिपूजन करने का अवसर मिला है।"