मिशन 2024 की तैयारियों में जुटी भाजपा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सफलता हासिल करने के लिए सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को अभियान बनाने, वंशवाद पर निशाना साधने और बूथ सशक्तिकरण का मंत्र दिया है। गुजरात विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण के मतदान के बीच हुई राष्ट्रीय पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों की बैठक में पीएम ने पार्टी को अंतरराष्ट्रीय सीमावर्ती गांवों से लगातार संपर्क बढ़ाने और बूथ सशक्तीकरण की दिशा में तेजी से काम करने का भी आह्वान किया है।
बैठक को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा, एक भारत-श्रेष्ठ भारत के लिए सांस्कृतिक एकता जरूरी है। हालिया काशी-तमिल संगमम का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि भले ही बोली-भाषा, रहन-सहन की दृष्टि से भारत विविधताओं से भरा देश है, मगर उत्तर, दक्षिण और पूरब-पश्चिम की हमारी सांस्कृतिक जड़ें और सांस्कृतिक पहचान एक हैं। उन्होंने कहा, एक भारत श्रेष्ठ भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए काशी-तमिल संगमम की तर्ज पर इसे जोड़ने की है। भविष्य में ऐसे कार्यक्रम और हों।
बेहतर बूथ प्रबंधन का लक्ष्य करें हासिल
पीएम ने कहा, बीते आठ सालों में भाजपा के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ा है। भाजपा का जन्म सत्ता का सुख भोगने के लिए नहीं बल्कि सामान्य लोगों के जीवन स्तर में आमूल चूल बदलाव के लिए हुआ है।
पीएम ने कहा-जो हमें पसंद करते हैं वह हमें वोट भी दें। इसके लिए बूथ प्रबंधन को और बेहतर करने और इस दिशा में कुछ नए प्रयोग की जरूरत है।
वंशवाद पर लगातार करें हमला
बैठक में उपस्थित एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि पीएम ने इस दौरान वंशवाद को देश के लोकतंत्र का कोढ़ बताया। उन्होंने कहा कि इसी वंशवाद ने लोकतंत्र के लिए कई समस्याएं खड़ी की हैं। भाजपा को छोड़ कर सभी दल वंशवाद में आकंठ डूबे हैं। ऐसे में लोकतंत्र को बचाने के लिए इसके खिलाफ लगातार लड़ाई लड़ने की जरूरत है।
जी-20 की अध्यक्षता के गौरव से देश को परिचित कराएं
पीएम ने कहा कि बीते दो महीने में भारत के पास कई अहम मंचों का नेतृत्व करने का अवसर आया है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) और शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के बाद भारत को इसी महीने जी-20 का नेतृत्व करने का ऐतिहासिक अवसर मिला है। यह बताता है कि कैसे दुनिया में भारत का महत्व बढ़ा है। पार्टी लोगों को देश को मिले इस गौरव से परिचित कराए।
दी सलाह...बेहतर अर्थव्यवस्था का भी करें जिक्र
पीएम ने देश की बेहतर अर्थव्यवस्था का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी समेत कई चुनौतियों से जूझने के बावजूद भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है। ऐसे समय में जब दुनिया की अर्थव्यवस्था लड़खड़ा रही है तब हमारी अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है। आम जनमानस तक इस उपलब्धि का भी प्रचार प्रसार होना चाहिए।