गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के साथ ही आज देशभर के पांच राज्यों की छह विधानसभा व एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव भी हो रहे हैं। सुबह सात बजे से इन सभी सीटों पर मतदान जारी है। जिन पांच राज्यों में उपचुनाव जारी हैं, उनमें उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, छत्तीसगढ़, ओडिशा शामिल हैं। आइए जानते हैं इन राज्यों की छह विधानसभा व एक लोकसभा सीट पर क्यों हो रहे हैं उपचुनाव...
राजस्थान
राजस्थान में सरदारशहर सीट कांग्रेस विधायक भंवर लाल शर्मा (77) के पास थी, जिनका लंबी बीमारी के बाद नौ अक्टूबर को निधन हो गया था। इस कारण इस सीट पर उपचुनाव जरूरी हो गए थे। इस सीट पर कांग्रेस ने भंवर लाल शर्मा के बेटे अनिल कुमार को मैदान में उतारा है। वहीं भाजपा की ओर से पूर्व विधायक अशोक कुमार ने ताल ठोंकी है।
छत्तीसगढ़
यहां की माओवाद प्रभावित भानुप्रतापपुर सीट पर उपचुनाव जारी हैं। पिछले महीने कांग्रेस विधायक और विधानसभा के उपाध्यक्ष मनोज सिंह मंडावी की मृत्यु के कारण ये चुनाव जरूरी हो गए थे। इस सीट पर सात उम्मीदवार मैदान में हैं। हालांकि, सीधे तौर पर सत्तारूढ़ कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है। कांग्रेस ने दिवंगत विधायक की पत्नी सावित्री मंडावी को मैदान में उतारा है।
बिहार
बिहार के कुढ़नी विधानसभा सीट पर राजद विधायक अनिल कुमार साहनी की अयोग्यता के कारण उपचुनाव जरूरी हो रहे हैं। अवकाश एवं यात्रा भत्ता (एलटीसी) घोटाला मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट ने अनिल कुमार साहनी को तीन की सजा सुनाई है। उनके अयोग्य घोषित होने के बाद से ये सीट खाली है।