प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर्नाटक दौरे के दौरान बंगलूरू स्थित स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान (एस-व्यासा) के आवासीय मुख्यालय परिसर 'प्रशांति कुटीरम' के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने डिजिटल माध्यम से 'गोल्डन जुबली एडमिन ब्लॉक' की आधारशिला रखी और तिरुवनंतपुरम में 'एस-व्यासा ऑफ-कैंपस' की शुरुआत की। यह आयोजन आरएसएस के पूर्व महासचिव एच.वी. शेषाद्रि की जन्म शताब्दी को भी समर्पित है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के संबोधन का इंतजार किया जा रहा है।
एचएएल एयरपोर्ट पर सीएम डीके शिवकुमार ने किया पीएम मोदी का स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बंगलूरू पहुंचने पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने एचएएल एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। इस दौरान राज्यपाल डॉ. सुधा यादव भी मौजूद रहीं। अपने कर्नाटक दौरे के दौरान प्रधानमंत्री बेंगलुरु में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा, वह तवारेकेरे से आईआईएम बेंगलुरु मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे और खुद भी मेट्रो में सफर करेंगे।
प्रधानमंत्री आज राज्य को देंगे करोड़ों की सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने कर्नाटक दौरे के दौरान कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इनमें पिंक लाइन मेट्रो और वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत के साथ-साथ 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के तहत पुनर्विकसित किए गए चार रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन भी शामिल है। आधिकारिक बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री नई मेट्रो लाइन पर सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे और तवारेकेरे से आईआईएम (आईआईएम) बंगलूरू मेट्रो स्टेशन तक सफर करेंगे। इसके अलावा, वे बंगलूरू में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उनका उद्घाटन करेंगे। साथ ही, एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल हुए पीएम मोदी
कर्नाटक के बेंगलुरु स्थित एस-व्यासा यूनिवर्सिटी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'प्रशांति कुटीरम' के स्वर्ण जयंती समारोह और आरएसएस के पूर्व महासचिव एच.वी. शेषाद्रि की जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस अवसर पर कर्नाटक की राज्यपाल सुधा यादव और आरएसएस के महासचिव दत्तात्रेय होसबाले भी मौजूद रहें।
संगठन के प्रति समर्पण और राष्ट्रसेवा
इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने एचवी शेषाद्रि के योगदान को याद करते हुए कहा कि संघ के स्वयंसेवक और प्रचारक के रूप में उन्होंने पूर्णकालिक कार्यकर्ता की विभिन्न जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। संघ में उन्होंने सरकार्यवाह जैसे महत्वपूर्ण दायित्व को संभाला और लगातार 13 वर्षों तक इस पद पर रहते हुए राष्ट्रसेवा के लिए अपना जीवन समर्पित किया। होसबाले ने बताया कि शेषाद्रि ने विभिन्न कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन, व्यक्तिगत प्रोत्साहन और कठिन समय में सांत्वना देने के उद्देश्य से 10,000 से अधिक पत्र लिखे। उनके ये पत्र कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संबंध, संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और मार्गदर्शक के रूप में उनके महत्वपूर्ण योगदान को दर्शाते हैं।
'शेषाद्रि जी के विचारों में समाज सेवा और पारिवारिक संस्कारों की झलक'
शेषाद्रि जी की एक बात मेरे मन में हमेशा के लिए अंकित हो गई है। वे अक्सर कहा करते थे कि जब हम समाज को अपनी दोनों आंखों से देखते हैं, तो समाज भी हमें लाखों आंखों से देखता है। मैंने अपने जीवन में इस विचार को बार-बार साकार होते देखा है। जनसेवा के मार्ग पर चलते हुए मुझे सदैव लोगों का आशीर्वाद, स्नेह और अपनापन प्राप्त हुआ है, जो मेरे जीवन की सबसे अनमोल पूंजी में से एक है। यही सेवा, संवेदना और समर्पण का भाव हमें शेषाद्रि जी के परिवार में भी देखने को मिलता है, जहां समाज के प्रति उत्तरदायित्व और सेवा के संस्कार पीढ़ियों से निरंतर आगे बढ़ रहे हैंो
'प्रशांति कुटीरम’ का समर्पण एक असाधारण गाथा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘प्रशांति कुटीरम’ की 50 वर्षों की गौरवशाली यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि कर्नाटक की समृद्ध विरासत के बीच ‘प्रशांति कुटीरम’ का सेवा और समर्पण का सफर एक असाधारण गाथा है, जिसके बारे में हर भारतीय को जानना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक छोटे से योग केंद्र से इतने बड़े जनआंदोलन के रूप में इसका विकसित होना अपने आप में प्रेरणादायक है। ‘प्रशांति कुटीरम’ की यह यात्रा योग, सेवा और समर्पण के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का उत्कृष्ट उदाहरण है।
योग शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान और समग्र स्वास्थ्य सेवा का वैश्विक केंद्र
प्रधानमंत्री ने कहा, 'प्रशांति कुटीरम से प्रशिक्षित अनेक डॉक्टर और शोधकर्ता आज देश-विदेश में योग के माध्यम से लोगों के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए महत्वपूर्ण सेवाएं दे रहे हैं। यहां से शुरू हुई यात्रा आज योग शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक अग्रणी संस्थान के रूप में विकसित हो चुकी है। योग के साथ-साथ संस्थान ने आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और आधुनिक चिकित्सा विज्ञान को एकीकृत कर समग्र स्वास्थ्य एवं कल्याण का एक सशक्त तंत्र विकसित किया है। तनाव से जुड़ी समस्याओं और जीवनशैली संबंधी बीमारियों के विभिन्न पहलुओं पर किए जा रहे अनुसंधान से दुनियाभर के लोगों को लाभ मिल रहा है। स्वास्थ्य, अनुसंधान और मानव सेवा के क्षेत्र में प्रशांति कुटीरम के इन उल्लेखनीय प्रयासों की जितनी सराहना की जाए, वह कम है।'
आयुर्वेद और आयुष क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए सरकार के प्रयास
योग की तरह ही भारत सरकार आयुर्वेद को भी निरंतर प्रोत्साहित और वैश्विक स्तर पर लोकप्रिय बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। आजादी के बाद पहली बार देश में आयुष मंत्रालय की स्थापना की गई, जिसने आयुर्वेद सहित भारतीय पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के विकास को नई दिशा दी। सरकार ने आयुर्वेद के क्षेत्र में अनुसंधान को बढ़ावा देने, आयुर्वेद आधारित पेटेंट को प्रोत्साहित करने और इस प्राचीन चिकित्सा पद्धति की वैज्ञानिक पहचान मजबूत करने के लिए अनेक प्रयास किए हैं। इन पहलों के सकारात्मक परिणाम आज स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। भारत से आयुष एवं हर्बल उत्पादों का निर्यात लगातार बढ़ रहा है और आयुष क्षेत्र आज कई लाख करोड़ रुपये की अर्थव्यवस्था के रूप में विकसित हो चुका है।
ये भी पढ़ें:
पीएम मोदी का कर्नाटक दौरा: राज्य को 15,600 करोड़ की देंगे सौगात, पिंक मेट्रो से वंदे भारत तक का होगा उद्धाटन
'कर्नाटक की समृद्ध योग परंपरा है'
कर्नाटक सदियों से योग और आध्यात्मिक साधना का प्रमुख केंद्र रहा है। इस पावन धरती ने अनेक प्रसिद्ध योग गुरुओं और विद्वानों को जन्म दिया, जिन्होंने प्राचीन भारतीय योग परंपरा को समृद्ध करने के साथ इसे वैश्विक पहचान दिलाई। महान कन्नड़ फिल्म अभिनेता डॉ. राजकुमार भी इसी धरती के उन प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों में शामिल थे, जिन्होंने कला के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान देने के साथ योग के प्रति अपनी गहरी रुचि और समर्पण का परिचय दिया। कर्नाटक की इसी समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के बीच शांति कुटीरम की 50 वर्षों की गौरवशाली यात्रा सेवा, साधना और समर्पण की एक असाधारण एवं अद्वितीय मिसाल है, जिसकी प्रेरणादायक गाथा प्रत्येक भारतीय को जाननी चाहिए।