10 मार्च को चुनाव परिणाम के अगले दिन प्रधानमंत्री मोदी गुजरात में होंगे आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों का बिगुल फूकेंगे। पीएम नरेंद्र मोदी 11-12 मार्च 2022 को गुजरात का दौरा करेंगे। इस दौरान वह गुजरात पंचायत महासम्मेलन को संबोधित करेंगे। वह राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय का भवन राष्ट्र को समर्पित करेंगे और अपना पहला दीक्षांत भाषण देंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री 11वें खेल महाकुंभ के उद्घाटन की घोषणा भी करेंगे।
रोड शो करेंगे पीएम मोदी
शुक्रवार को अहमदाबाद से गांधीनगर तक मोदी रोड शो करेंगे। बताया जा रहा है कि इस रोड शो चार लाख से अधिक भाजपा कार्यकर्ता शिरकत करेंगे। शुक्रवार सुबह करीब साढे़ दस बजे मोदी अहमदाबाद एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, मंत्रिपरिषद के सदस्य, भाजपा सांसद, विधायक व प्रदेश पदाधिकारी उनकी अगवानी करेंगे। एयरपोर्ट से गांधीनगर भाजपा मुख्यालय तक मोदी रोड शो करेंगे। इसमें करीब चार लाख भाजपा कार्यकर्ता व मोदी समर्थक उनका अभिवादन करेंगे।
वेबिनार को संबोधित किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को दीपम की बजट संबंधी घोषणाओं पर चर्चा के लिए वेबिनार को संबोधित किया। इसी के साथ 11 बजट से संबंधित वेबिनार की श्रृंखला का समापन हो गया जिसे पीएम ने संबोधित किया। इन वेबिनार में 40,000 हितधारकों ने भागीदारी की।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि उद्यमियों, एमएसएमई, निर्यातकों, वैश्विक निवेशकों, स्टार्टअप आदि ने केंद्र और राज्य सरकारों के साथ वेबिनार में भाग लिया। बजट के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सरकार को बहुत ही उपयोगी इनपुट और सुझाव मिले।