PM Modi Lal Qila Speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 79वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से देशवासियों को संबोधित किया। पीएम मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत में प्राकृतिक आपदा की मार झेल रहे पीड़ितों को याद किया। प्रधानमंत्री ने सरकार की तरफ से मुहैया कराई जा रही मदद को भी रेखांकित किया। जानिए पीएम मोदी ने और क्या कहा
देश के कई राज्य मौसम की मार झेल रहे हैं। 79वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देश का मुख्य समारोह राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आयोजित किया गया। समारोह के दौरान पीएम मोदी ने लाल किले की प्राचीर से प्राकृतिक आपदा की मार झेल रहे पीड़ितों को भी याद किया। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदनाएं प्रकट करते हुए कहा, प्रकृति हमारी परीक्षा ले रही है। उन्होंने कहा, हम प्राकृतिक आपदाएं झेल रहे हैं। पीड़ितों के साथ हमारी संवेदनाएं हैं। राज्य और केंद्र सरकार बचाव और राहत कार्य में जुटे हैं।
विज्ञापन
किन राज्यों में प्राकृतिक आपदा झेल रहे देशवासी
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिन पीड़ितों का उल्लेख किया, वे कई राज्यों से जुड़े हैं। हाल ही में उत्तराखंड के धराली, हिमाचल के कई इलाकों के अलावा जम्मू-कश्मीर में भी प्रकृति का कहर टूटा। इन राज्यों का सीधे तौर पर जिक्र किए बिना पीएम मोदी ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में पूरा देश पीड़ितों के साथ खड़ा है।
प्राकृतिक आपदा की मार झेल रहे प्रदेश
बता दें कि देश के जश्न-ए-आजादी से ठीक पहले जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में भीषण आपदा आई। किश्तवाड़ में बादल फटने के कारण 35 लोगों की मौत हो गई। 100 से अधिक लोग अब भी लापता हैं। प्रभावित इलाकों से रेस्क्यू करने के लिए राहत और बचाव कार्य की एजेंसियां सुरक्षाबलों की मदद भी ले रही हैं। इससे पहले बीते पांच अगस्त को उत्तराखंड के धराली में पानी के साथ बह कर आए मलबे में कई लोग, होटल और मकान दब गए। आठ से दस फीट ऊंचे मलबे में दबे लोगों को बचाने के अभियान जारी हैं।
तय समय से पहले हासिल किया लक्ष्य
प्रधानमंत्री मोदी ने आपदा पीड़ितों के प्रति संवेदनाएं प्रकट करने के अलावा आतंकवाद के खिलाफ सख्त नीति, आत्मनिर्भर भारत, तकनीक के मोर्चे पर देश की समृद्धि, ऊर्जा के विषय में देश के संकल्प और विकसित भारत बनाने के मिशन का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि 2030 तक जो लक्ष्य पूरा किया जाना था, उसे हमने पांच साल पहले ही हासिल कर लिया है।
पीएम मोदी ने बलिदानी सपूतों और पराक्रमी सैनिकों के शौर्य को नमन किया
लाल किले की प्राचीर से देशवासियों को संबोधित करने से पहले पीएम मोदी ने बलिदानी सपूतों को राष्ट्रीय समर स्मारक जाकर नमन किया। पीएम मोदी ने अपने शुरुआती संबोधन में भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर का भी उल्लेख किया। उन्होंने भाषण के सातवें मिनट में ही पाकिस्तानी आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद करने वाले भारत के वीर सपूतों के पराक्रम का जिक्र कर पूरी दुनिया को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ देश की जीरो टॉलरेंस पॉलिसी को भी रेखांकित किया।