कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने पाकिस्तान की सेना को बेहद कमजोर बताते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस भी उसे हरा सकती है। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाया कि वह मुख्य मुद्दों से देश का ध्यान भटकाने के लिए बार बार पड़ोसी देश का नाम लेते रहते हैं।
आजाद ने कहा कि मोदी पाकिस्तान के साथ देश की तुलना कर उसका अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा मैंने प्रधानमंत्री को बेरोजगारी पर, गृह मंत्री को किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए कभी नहीं देखा, किसी मंत्री को जीडीपी में सुधार करने की बात करते हुए और किसी भाजपा नेता को कीमतों को काबू में करने की बात करते नहीं देखा।
ये ऐसे मुद्दे हैं जो हर व्यक्ति को प्रभावित करते हैं, चाहे वे किसी भी धर्म या जाति के हों। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों की जगह हम सिर्फ पाकिस्तान के खिलाफ बातें सुनते हैं।
उन्होंने कहा पाकिस्तान बेहद कमजोर हो चुका है सिर्फ मुद्दों से भटकाने के लिए पाकिस्तान का नाम लिया जाता है। पाकिस्तान क्या है? अगर आप कश्मीर पुलिस को भेज दीजिए, वे भी पाकिस्तान को हरा सकते हैं। प्रधानमंत्री पाकिस्तान के साथ तुलना करके भारत का अपमान कर रहे हैं। गुलाम नबी आजाद ने कहा कि मैं माफी चाहता हूं, लेकिन ये भारत का बहुत बड़ा अपमान है।