केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को विपक्षी पार्टियों से उत्तर और दक्षिण भारत के नाम से देश को नहीं बांटने का अनुरोध किया है। लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'एक राष्ट्र-एक राशन कार्ड' का विचार लेकर आए हैं, जिससे पूरे देश को पारदर्शी प्रणाली के माध्यम से सब्सिडी वाले खाद्यान्न प्रदान किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, 'प्रधानमंत्री ने हमेशा लोगों को एकजुट करने के लिए काम किया है, लेकिन विपक्ष देश को बांटने की कोशिश कर रही है। उनमें से कुछ उत्तर और दक्षिण भारत की बात भी करते हैं। कृपया करके देश को बांटना बंद करें।'
द्रमुक सांसद के बयान पर पलटवार
गोयल ने द्रमुक नेता डीएनवी सेंथिल कुमार का नाम लिए बिना कहा, 'इसी सदन ने कल एक सदस्य ने बयान दिया था, क्या आप उनका समर्थन करते हैं? क्या इंडिया गठबंधन उस सदस्य के बयान का समर्थन करेंगी।' दरअसल, सेंथिल कुमार ने एक विवादित बयान जारी किया था। मंगलवार को लोकसभा में जम्मू कश्मीर पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक पर बहस करते हुए उन्होंने (सेंथिल कुमार) कहा, 'भाजपा केवल हिंदी बहुल राज्यों में ही चुनाव जीत सकती है, दक्षिण में नहीं।' उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उनकी आलोचना की गई। हालांकि, बाद में सेंथिल कुमार ने इसके लिए माफी भी मांगी।
अधीर रंजन चौधरी को दिया जवाब
पीयूष गोयल ने बताया कि पीएम गरीब कल्याण योजना के तहत देश के 81.35 लोगों को मुफ्त खाद्यान्न मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के अनुसार अब कोई भी व्यक्ति भूख से नहीं मरेगा। जब कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने गोयल के इस टिप्पणी की आलोचना की तो भाजपा नेता ने उनसे पूछा, 'आपको यह जानकर दर्द हो रहा है कि गरीबों को मुफ्त में खाद्यान्न मिल रहा है।'
गोयल ने कांग्रेस पर अपने वादे पूरे न करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कर्नाटक के लोगों को 10 किलो खाद्यान्न मुफ्त में देने के वादे को पूरा नहीं कर पाई है। लोगों को इसका केवल आधा हिस्सा ही मिल रहा है।