पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद बीजेपी दो राज्यों में सरकार बनाने जा रही है इससे उत्साहित कार्यकर्ता बीजेपी मुख्यालय में जमा हुए है। जीत का जश्न मनाने के लिए दिल्ली मुख्यालय पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अध्यक्ष अमित शाह सहित सभी वरिष्ठ नेता पहुंचे। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि पांचों राज्यों में शांति पूर्ण मतदान हुआ जो नतीजे आए हैं वह एनडीए के लिए उत्साहजनक रहे।
पीएम मोदी ने वोटरों को बीजेपी को चुनने के लिए शुक्रिया कहा। उन्होंने कहा कि नतीजों से ये साफ हुआ है कि बीजेपी की विचार धारा को प्रदेश की जनता स्वीकार कर रही है। असम की जीत से कुछ लोगों को वैसा ही आश्चर्य हुआ है जैसा जम्मू कश्मीर भाजपा के सरकार में हिस्सेदार बनने पर हुआ था। सामान्य जीवन के लिए कार्य करने के लिए हमें ये उत्साहित करेगा। हम आम लोगों के उत्थान के लिए कार्य करते रहेंगे।
पीएम मोदी ने अमित शाह की टीम और सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को उनके सहयोग और कार्य के लिए धन्यवाद दिया। इससे पूर्व अमित शाह का स्वागत असम की पारंपरिक टोपी और गमछा पहनाकर गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने किया। वहीं पीएम मोदी का स्वागत फूलों की माला और गमछा पहनाकर बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने किया।