शासन में जनता की सहभागिता बनाए रखने के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन एक अहम जरिया है। भारत ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (यूएनएचआरसी) में शांतिपूर्ण प्रदर्शनों की पैरवी करते हुए कहा कि ये होने चाहिए, लेकिन इनकी वजह से सामान्य जनजीवन को भी प्रभावित होने नहीं दिया जा सकता।
यूएनएचआरसी में मानवाधिकारों के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए लाए गए प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान यूएन में भारत के स्थायी प्रतिनिधि अजीत कुमार ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने का अधिकार अन्य अधिकारों और स्वतंत्रता की सुरक्षा के लिए अहम है।
उन्होंने बताया कि दुनिया में सबसे बड़ा लोकतंत्र होने के नाते भारतीय संविधान अपने नागरिकों को सभी मौलिक अधिकार मुहैया कराता है। इसके साथ ही संविधान शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करने का अधिकार भी जनता को देता है।