केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा है कि शनिवार को हुई सर्वदलीय बैठक में संसद में चर्चा के दौरान छोटे दलों को ज्यादा वक्त देने की मांग उठाई गई। इस पर पीएम नरेंद्र मोदी ने इन दलों को आश्वस्त किया कि सरकार इसके लिए तैयार है, लेकिन भाजपा समेत बड़े दलों को कार्यवाही में व्यवधान नहीं डालना चाहिए। इससे छोटे दलों को नुकसान होता है।
केंद्रीय मंत्री व भाजपा नेता प्रह्लाद जोशी ने बताया कि प्रधानमंत्री ने राजग नेताओं की बैठक को भी संबोधित किया। इसमें उन्होंने कहा कि महामारी के बाद एक नई विश्व व्यवस्था उभरने वाली है। मोदी ने कहा कि यह दशक महत्वपूर्ण है, यह उसी तरह का है, जो दूसरे विश्व युद्ध के बाद का था। ऐसे में हम पहले की तरह मूकदर्शक नहीं बने रह सकते। हम इस मौके पर उभरेंगे और वसुधैव कुटुंबकम के आदर्श व परंपरा के आधार पर आगे बढ़ेंगे।