कोरोना वायरस महामारी के बीच सोमवार से संसद का मानसून सत्र शुरू हुआ। सत्र के पहले ही दिन तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद सौगत रॉय ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के पहनावे पर कुछ ऐसी टिप्पणी कर दी जिसके बाद लोकसभा में हंगामा खड़ा हो गया। भाजपा ने उनसे बिना शर्त माफी मांगने को कहा।
सौगत रॉय द्वारा की गई टिप्पणी पर संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने नाराजगी जताते हुए रॉय से माफी मांगने को कहा। भाजपा सांसद ने कहा, 'व्यक्तिगत पोशाक पर टिप्पणी करना वो भी सदन के एक वरिष्ठ सदस्य द्वारा ये सहीं नहीं है। वो किस तरह की बातें कर रहे हैं? उन्हें बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए। यह महिलाओं का अपमान है।'
हालांकि सदन में भारी हंगामे के बाद रॉय की टिप्पणी को कार्यवाही से हटा दिया गया है। बता दें कि सदन की कार्यवाही के दौरान गाहे-बगाहे सांसद इस तरह की टिप्पणी करते रहते हैं। इसके कारण कई बार विवाद भी उपजा है। सौगत रॉय की टिप्पणी के बाद भी इसी तरह का विवाद देखने को मिला। रॉय पश्चिम बंगाल की दमदम लोकसभा सीट से टीएमसी के सांसद हैं।