आखिरी बार पाकिस्तान की टीम साल 2012-13 में सीमित ओवरों की द्विपक्षीय सीरीज खेलने भारत आई थी। इसके बाद दोनों देशों में किसी प्रकार की सीरीज का आयोजन नहीं हुआ है। भारत और पाकिस्तान के बीच बीते 14 साल से कोई टेस्ट सीरीज का आयोजन भी नहीं हुआ है।
जब मैदान पर भारत-पाकिस्तान की टीमें आपस में टकराती हैं तो रोमांच और उत्साह अपने चरम पर होता है। मैच का साक्षी बनने के लिए दुनिया के हर कोने से लोग आते हैं। स्टेडियम खचाखच भरा होता है। मगर बीते आठ साल से कुछ समय से दोनों देशों के बीच कोई द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेली जा रही, सिर्फ आईसीसी के टूर्नामेंट में ही दोनों चिर प्रतिद्वंद्वी टकराते हैं।
विज्ञापन
इस बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष अहसान मनी ने बड़ा बयान दिया है, उनका कहना है कि दोनों देशों के बीच आने वाले कुछ सालों में क्रिकेट संभव ही नहीं है। मनी की माने तो जब तक दोनों देशों के बीच राजनीतिक मतभेदों का हल नहीं निकलता है तब तक दोनों के बीच क्रिकेट शुरू होने का सवाल ही नहीं उठता। मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो मनी ने कई बार बीसीसीआई के सामने दोनों देशों की क्रिकेट बहाली का प्रस्ताव रखा था, लेकिन हर बार वह निरर्थक साबित हुआ।