दिल्ली हिंसा के विषय पर लोकसभा में जारी गतिरोध मंगलवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के यह कहने के बावजूद नहीं टूट पाया कि सरकार इस मुद्दे पर होली के बाद चर्चा कराने को तैयार है। इस मुद्दे पर तुरंत चर्चा की मांग को लेकर अड़े विपक्ष के हंगामे और सत्तापक्ष और विपक्ष के कुछ सदस्यों के बीच धक्कामुक्की के कारण सदन की बैठक दो बार के स्थगन के बाद दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।
दिल्ली में हिंसा के मुद्दे पर हंगामे के कारण राज्यसभा की बैठक दो बार के स्थगन के बाद दोपहर तीन बजकर करीब दस मिनट पर दिन भर के लिए स्थगित की गई।
दिल्ली में हिंसा के मुद्दे पर हंगामे के कारण राज्यसभा की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद दोपहर दो बजकर करीब दस मिनट पर अपराह्न तीन बजे तक के लिए स्थगित हो गई है।
लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने दिल्ली हिंसा पर सदन में हंगामा कर रहे सांसदों से कहा, 'होली के बाद सरकार इस मामले पर चर्चा के लिए तैयार है।' हिंसा के मुद्दे पर तत्काल चर्चा की मांग को लेकर लोकसभा में हंगामे के बीच लोकसभा स्थगित हो गई है।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने सांसदों द्वार धक्का-मुक्की पर कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई सांसद दूसरे की सीट के पास गया, तो वह पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया जाएगा।
लोकसभा की बैठक दोपहर 12 बजे पुन: शुरू होते ही हंगामे के कारण कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित।
दिल्ली हिंसा को लेकर विपक्ष ने लोकसभा में काफी हंगामा किया। जिसके कारण लोकसभा की कार्यवाही को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
दिल्ली हिंसा को लेकर संसद के दोनों सदनों में जोरदार हंगामा हुआ। हंगामे के बाद राज्यसभा दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने संसद में सुचारू कामकाज सुनिश्चित करने के लिए आज सर्वदलीय बैठक बुलाई। भाजपा सांसद जसकौर मीणा और कांग्रेस सांसद राम्या हरिदास के बीच सोमवार को हुई हाथापाई को लेकर बैठक बुलाई गई है। लोकसभा में कल हुई धक्का-मुक्की की घटना को लेकर सांसद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के साथ बैठक कर रहे हैं। जिसमें कांग्रेस, टीएमसी सहित अन्य पार्टियों के नेता मौजूद हैं। माना जा रहा है कि धक्का-मुक्की करने वाले सांसदों पर कार्रवाई हो सकती है।
संसद के गेट नंबर वन पर तैनात सुरक्षाकर्मी उस समय सक्रिय हो गए जब भाजपा सांसद विनोद कुमार सोनकर की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। दरअसल, कुछ दूरी पर स्थित बूम बैरियर पर लगे स्पाइक्स उस समय सक्रिय हो गए जब गलती से एक कार उसके संपर्क में आ गई।
बहुजन समाज पार्टी के सतीश चंद्र मिश्रा ने राज्यसभा में नियम 267 के अंतर्गत दिल्ली हिंसा पर स्थगन प्रस्ताव दिया है।
संसद परिसर में भाजपा संसदीय दल की बैठक शुरू हो गई है। बैठक में हिस्सा लेने के लिए गृह मंत्री अणित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पहुंच गए हैं।
सरकार के सूत्रों का कहना है कि गृह मंत्री दिल्ली हिंसा मामले में संसद के दोनों सदनों में बयान देने के लिए तैयार हैं। हालांकि यह तभी होगा जब विपक्ष गृह मंत्री के बयान की मांग करेगा। वैसे भाजपा मंगलवार को संसदीय दल की बैठक में भावी रणनीति तैयार करेगी।
सोमवार को विपक्ष ने दिल्ली हिंसा को लेकर गृह मंत्री का इस्तीफा मांगा और जमकर सदन के अंदर हंगामा किया। जिसके कारण कार्यवाही को कई बार स्थगित किया गया। आज भी विपक्ष के हंगामे के आसार हैं। वहीं सरकार की तरफ से संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी ने मोर्चा संभाला और कांग्रेस को 1984 के दंगों की याद दिलाई। आज कांग्रेस सांसदों के भाजपा महिला सांसदों के साथ बदसलूकी करने के मुद्दे पर भी हंगामा हो सकता है।