संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही मंगलवार को तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जयललिता को श्रद्घांजलि देने के बाद स्थगित कर दी गई। संभवत: ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी मुख्यमंत्री के मृत्यु के बाद संसद की कार्यवाही स्थगित की गई हो।
गौरतलब है कि जयललिता बीती सदी के 80 के दशक में उच्च सदन राज्यसभा की सदस्य भी रह चुकी हैं। संसद के दोनों ही सदनों में सरकार ने स्पीकर और सभापति से कार्यवाही स्थगित करने की अपील की थी। लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही स्पीकर सुमित्रा महाजन ने जयललिता के निधन पर शोक व्यक्त किया।
इस दौरान उन्होंने जयललिता की राजनीति के क्षेत्र में योगदान का जिक्र करते हुए कहा कि उनका निधन देश के लिए बड़ी क्षति है। इसके बाद सरकार ने सदन की कार्यवाही स्थगित करने का प्रस्ताव रखा। फिर मौन रह कर जयललिता को श्रद्घांजलि देने के बाद सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।
राज्यसभा में भी लोकसभा की तरह ही जयललिता को श्रद्घांजलि देने के बाद सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई।