परमेश्वरन अय्यर ने सोमवार को नीति आयोग के मुख्य कार्यपालक अधिकारी का कार्यभार संभाल लिया है। उन्होंने ही पीएम मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट स्वच्छ भारत मिशन के क्रियान्वयन की अगुआई की थी। सरकार का महत्वाकांक्षी स्वच्छ भारत कार्यक्रम अय्यर की अगुवाई में चलाया गया था। पूर्व आईएएस अधिकारी ने 2009 में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली थी। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र में भी ग्रामीण जल स्वच्छता विशेषज्ञ के तौर पर काम किया था।
नीति आयोग का कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने पीएम मोदी का आभार व्यक्त किया। परमेश्वरन अय्यर ने कहा कि वह इन नए रूप में देश की सेवा करने का मौका पाकर बेहद सम्मानित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह एक नए भारत की दिशा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में काम करने का एक और मौका देने के लिए उनके आभारी हैं।
गौरतलब है कि नीति आयोग के सीईओ के रूप में उनकी नियुक्ति पर बीते 24 जून को मुहर लग गई थी। भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी परमेश्वरन अय्यर को नीति आयोग (NITI Aayog) का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया था। उन्होंने अमिताभ कांत की जगह ली है, जिनका कार्यकाल 30 जून को समाप्त हो गया था। उन्हें दो साल के लिए या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, नीति आयोग का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
अय्यर उत्तर प्रदेश कैडर के 1981 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। परमेश्वरन अय्यर 2016-20 के दौरान पेयजल और स्वच्छता मंत्रालय में सचिव थे। अय्यर 2030 वाटर रिसोर्सेज ग्रुप के प्रोग्राम मैनेजर हैं, जो वर्ल्ड बैंक ग्रुप द्वारा आयोजित एक पब्लिक, प्राइवेट व सिविल सोसाइटी पार्टनरशिप है।