एक भारतीय ज्योतिषी द्वारा छठी इंद्रिय से की गई भविष्यवाणी का भारत पर तो कोई असर नहीं पड़ा लेकिन पाकिस्तान का चैन उड़ गया है। इसके लिए पाक खुफिया एजेंसी आईएसआई ने बाकायदा एक सर्कुलर जारी किया, जो भूकंप पुनर्निर्माण व पुनर्वास प्राधिकरण को भी मिला। प्राधिकरण ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। पाक में यह सर्कुलर ट्विटर पर ट्रैंड कर गया है।
दरअसल, भारत के बाबू कलायिल नामक किसी व्यक्ति ने अपनी छठी इंद्रिय से पता लगाकर दिसंबर में हिंद महासागर के भीतर भूकंप व सुनामी की भविष्यवाणी की है और इस बाबत पीएम मोदी को एक पत्र भी लिखा है।
उसने कहा कि सुनामी की चपेट में भारत और पाकिस्तान समेत सात देश प्रभावित होंगे। इसे लेकर पाकिस्तान का चैन उड़ गया। आईएसआई के सर्कुलर में 6 नवंबर को मुल्क की सुनामी व भूकंप से सुरक्षा को लेकर एक बैठक भी बुलाई है। सर्कुलर के बाद प्राधिकरण ने मौसम विभाग को भी इससे अवगत करा दिया है।
पाक में चल रही इस गतिविधि का खुलासा तब हुआ जब अमेरिका में पाकिस्तान के पूर्व राजदूत रहे हुसैन हक्कानी ने इस सर्कुलर को ट्विटर पर पोस्ट कर दिया।
हुसैन हक्कानी ने ट्वीट किया कि पता नहीं क्यों, आईएसआई हिंद महासागर में भूकंप की भविष्यवाणी पर पता नहीं इतनी चिंतित है। जबकि इसका न तो पाक में कोई भूगर्भीय सर्वेक्षण हुआ है और न कोई वैज्ञानिक चेतावनी जारी हुई है।
ISI predicts earthquake in Indian Ocean. Didn’t know it was #Pakistan’s Geological Survey & Early Earthquake Warning system too. pic.twitter.com/k6bKfgDAnf— Husain Haqqani (@husainhaqqani) November 2, 2017
एक ज्योतिषी द्वारा बिना किसी वैज्ञानिक आधार के उसकी छठी इंद्रिय से पीएम को लिखी चिट्ठी पर भारत में किसी ने ध्यान तक नहीं दिया, लेकिन पाकिस्तान में हलचल पैदा हो गई है।
ट्विटर पर हुसैन हक्कानी की टिप्पणी के बाद पाकिस्तान के सोशल मीडिया पर भी ज्योतिषी की भविष्यवाणी के बाद आईएसआई के सर्कुलर जारी करने की काफी चर्चा हो रही है। पाक मौसम विभाग के प्रमुख डॉ. गुलाम रसूल ने बीबीसी उर्दू से कहा कि आईएसआई के सर्कुलर के बाद हम चौकन्ने हो गए हैं।
इस भविष्यवाणी का भले ही कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है लेकिन हमने भूकंप पुनर्निर्माण व पुनर्वास प्राधिकरण के साथ मिलकर काम शुरू कर दिया है। डॉ. रसूल ने यह भी कहा कि वैज्ञानिकों के पास भी भूकंप या सुनामी की भविष्यवाणी के लिए कोई तकनीक नहीं है।