पाकिस्तान ने सोमवार को 87 भारतीय कैदियों को रिहा करने के बाद उन्हें वाघा सीमा पर भारत को सौंपा। रिहा होने वाले लोगों में अधिकतर मछुआरे हैं जो कथित रूप से जल सीमा का उल्लंघन कर पाकिस्तानी क्षेत्र में पहुंच गए थे।
वाघा सीमा पर पाकिस्तानी रेंजर्स ने कहा कि हमने 87 भारतीयों जिनमें से अधिकतर मछुआरे हैं, को रिहा कर बीएसएफ को सौंप दिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय नागरिकों के दस्तावेजों का सत्यापन करने के बाद उन्हें भारतीय अधिकारियों को सौंप दिया गया।
इन लोगों को रविवार को कराची की लांधी जेल से रिहा किया गया था। ये लोग ट्रेन से सोमवार को लाहौर पहुंचे।
लांधी जेल के उप अधीक्षक शाकिर शाह ने स्थानीय समाचारपत्र से कहा कि 20 मार्च को 86 भारतीय कैदियों को रिहा किया जा सकता है। शाकिर के अनुसार कराची जेल में अभी कुल 457 भारतीय कैदी बंद हैं।