विदेश राज्य मंत्री वीके सिंह ने बुधवार को कहा कि पाकिस्तान ने कुलभूषण जाधव की पत्नी के पाक दौरे को लेकर उनकी सुरक्षा के बारे में अभी तक कोई सार्वभौमिक गारंटी नहीं दी है। जाधव की पत्नी अपने पति से मिलने के लिए पड़ोसी देश जाना चाहती है। जाधव पाक जेल में बंद हैं।
पढ़ें- जाधव से मुलाकात पर भारत ने रखी शर्त, कहा- कुलभूषण की मां, पत्नी की सुरक्षा की गारंटी दे पाक
उन्होंने कहा, ‘बातचीत अभी भी प्रगति पर है। उनके द्वारा (पाकिस्तान) अभी तक सुरक्षा पहलू पर गारंटी प्रदान नहीं की गई है।’ इस महीने के शुरुआत में पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने कहा था कि वह जाधव व उनकी पत्नी को मिलने की इजाजत देगा। हालांकि पाकिस्तान ने इस मुद्दे पर अभी तक जाधव की पत्नी की सुरक्षा को लेकर कोई भी आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
एक कार्यक्रम से इतर मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए वीके सिंह ने उन खबरों को भी अफवाह करार दिया, जिसमें कहा जा रहा है कि चीन दोकलम में 400 मीटर ऊंची एक दीवार का निर्माण कर रहा है। इसके अलावा मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड हाफिज सईद द्वारा संयुक्त राष्ट्र में अपने ऊपर लगे आतंकवादी का टैग हटाने की अपील को लेकर पूछे गए सवाल पर वीके सिंह ने कहा कि भारत इसकी परवाह नहीं करता।