देर से ही सही लेकिन पीएम नरेंद्र मोदी के मन की बात का असर सरकार के मंत्रालयों पर होने लगा है। सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय ने आदेश जारी कर अपने मंत्रालय में गुलदस्तों या गिफ्ट दिए जाने पर पूरी तरह रोक लगा दिया है। 25 जून को पीएम मोदी के मन की बात का हवाला देते हुए मंत्रालय ने अपने सभी विभागों के प्रमुखों को आदेश जारी कर कहा है कि प्रधानमंत्री ने गुलदस्तों के बजाय किताब, खादी के रूमाल देने की आवश्यकता पर जोर दिया है।
पढ़ें- PM मोदी को स्वतंत्रता दिवस के भाषण में पब्लिक ने इन मुद्दों पर दी बोलने की सलाह
मंत्रालय में नहीं होगी गुलदस्तों की खरीद
अब में अधिकारियों के सम्मान या विदाई समारोहों के लिए गुलदस्तों की खरीद नहीं होगी। इसकी जगह किताब अथवा खादी के रूमालों का उपयोग होगा। पीएम मोदी की नसीहत के 6 माह बाद सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय ने 15 नवंबर को अपने यहां आदेश जारी कर गुलदस्तों की खरीद पर रोक लगा दी है। आदेश में कहा गया है कि मंत्रालय में कोई भी अधिकारी एक दूसरे को गुलदस्ते भेंट नहीं करेगा।
यहां तक कि मंत्रालय के अंदर आने वाले सम्मानित मेहमानों और विदाई एवं सेवानिवृत्त सम्मान के आयोजनों में भी गुलदस्तों का उपयोग नहीं होगा। सभी विभागों के प्रमुखों को इस आशय के निर्देश भेज दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि सरकार के अन्य मंत्रालय भी जल्द ही ऐसे आदेश जारी करेंगे।