पाकिस्तानी सेना को अचानक अपने प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नजदीकी रास नहीं आ रही। दोनों प्रधानमंत्रियों में दूरी बनाने की कवायद में सेना शरीफ पर दबाव डालकर उन्हें वाशिंगटन में हो रहे नाभकीय सुरक्षा काउंसिल (एनएससी) में जाने से रोकने में सफल रही है।
वाशिंगटन में शरीफ और मोदी की मुलाकात तय थी। पाक सैन्य नेतृत्व को इस बात का भी अंदेशा है कि उसके विवादास्पद न्यूक्लियर पॉलिसी की वजह से एनएससी मंच पर पाकिस्तान की फजीहत हो सकती है।
हालांकि पाकिस्तान ने लाहौर में हुए आतंकी हमले को शरीफ ने वाशिंगटन नहीं जाने की वजह बताया है। लेकिन भारतीय एजेंसियां इसकेलिए पाक सेना के पिछले हफ्ते भर में बदले पैतरे को जिम्मेदार ठहरा रही हैं।
उच्चपदस्थ सूत्रों ने अमर उजाला को बताया कि बलूचिस्तान इलाकेसे कथित रॉ एजेंट की गिरफ्तारी और उसके इंट्रोगेशन रिपोर्ट जारी करना सेना के इसी प्लाट का हिस्सा है। सेना और उसके तहत काम करने वाली आईएसआई यह हथकंडे उस वक्त आजमा रही है जब पठानकोट आतंकी हमले की जांच के लिए नवाज शरीफ के आदेश पर गठित संयुक्त जांच दल (जेआईटी) भारत में है।