पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल ने वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद को पद्म भूषण से सम्मानित किए जाने को लेकर अपनी ही पार्टी कांग्रेस पर तंज कसा है।
सिब्बल ने व्यंग्य करते हुए कहा, 'यह विडंबनापूर्ण है कि कांग्रेस को गुलाम नबी आजाद की सेवाओं की जरूरत नहीं है, जबकि देश उनके योगदान का सम्मान कर रहा है।' वरिष्ठ कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने ट्वीट कर कहा, 'गुलाम नबी आजाद पदम भूषण से सम्मानित। बधाई भाईजान। विडंबना यह है कि कांग्रेस को उनकी सेवाओं की आवश्यकता नहीं है, लेकिन देश सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान का सम्मान कर रहा है।'
सिब्बल व आजाद कांग्रेस के उस ग्रुप 23 के सदस्य रहे हैं, जो पार्टी में आमूल-चुल बदलाव का हिमायती रहा है। हालांकि पार्टी में अब यह समूह सक्रिय नहीं है। इस समूह की मांगों के अनुरूप न तो पार्टी में बदलाव हुए हैं और न ही पार्टी नेतृत्व में बदलाव व अध्यक्ष पद के लिए खुले चुनाव। पार्टी अब भी पुराने ढर्रे पर चल रही है और एक-एक कर नेता पार्टी से खिसकते जा रहे हैं।