यूपीए सरकार में वित्त मंत्री रहे कांग्रेस सांसद पी चिदंबरम ने आर्थिक मोर्चे पर विफल रहने पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, यूपीए सरकार ने जहां 27 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला था, वहीं भाजपा की अगुवाई वाली एनडीए सरकार ने देश को मंदी में धकेल दिया। लगातार नौ तिमाही से अर्थव्यवस्था में गिरावट है और देश मंदी की ओर बढ़ता जा रहा है।
चिदंबरम ने ट्वीट किया, यूपीए शासन अर्थव्यवस्था का स्वर्णिम युग था। ऑक्सफोर्ड पॉवर्टी एंड ह्यूमन डेवलेपमेंट इनेशिएटिव ने अपने शोध में इसकी पुष्टि की थी कि भारत में 2005 से 2015 तक 27 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए। तब यूपीए का शासन था। जो लोग यूपीए के रिकॉर्ड देख रहे हैं वह जानते हैं कि मौजूदा सरकार में अर्थशास्त्रियों को बुरी तरह से नजरंदाज किया जा रहा है।