ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद असदउद्दीन ओवैसी सोमवार को चुनावी जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कब्रिस्तान और श्मशान वाले बयान पर हमलावर रहे। कहा कि उन्हें जिंदा लोगों की फिक्र नहीं है। जो कब्र में पड़े हैं उन पर बोल रहे हैं। पीएम पर अनर्गल बयानबाजी कर सियासत की रोटी सेंकने का आरोप लगाया। सपा को निशाने पर लेते हुए कहा कि विकास के नाम पर सीएम अखिलेश ने धोखा दिया है। विकास और रोजगार के नाम पर मुस्लिमों को छला है। झूठे वादे करने में मोदी बड़े और अखिलेश उनके छोटे भाई हैं।
करेली स्थित वसियाबाद तिराहा मजार के पास शाम करीब पांच बजे जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद ओवैसी ने कहा कि यूपी में सत्ता पर काबिज होने के लिए बीजेपी भयमुक्त सरकार देने की बात कह रही है। जबकि यूपी में हुए दंगों पर भाजपा चुप रही। जिन पर गुजरात दंगों की आंच है वह अमनचैन नहीं, ईद और दिवाली पर बिजली की बात कर वैमनस्य फैलाने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा ने सपा की मिलीभगत से 73 सांसद जितवाए। सपा से जीते पांच सांसद मुलायम सिंह यादव के ही परिवार के हैं। जनता और खासकर मुस्लिम इसे समझ चुके हैं। कहा कि पीएम पाकिस्तान में नवाज शरीफ से हाथ मिला जाने क्या खाकर आए, आतंकवाद खत्म करने का वादा भूल गए। नतीजा सीमा पर रोज जवान शहीद हो रहे हैं और चौकियों पर हमला किया जा रहा है।
'वोट की खातिर मुसलमानों पर डोरे डाल रहे'
फाइल फोटो
- फोटो : Amar Ujala
सपा पर झूठे वादे करने का आरोप लगा ओवैसी ने कहा कि पांच साल में न मुस्लिम बच्चों के लिए स्कूल खोले न ही युवा मुसलमानों की पुलिस में भर्ती की। गली-मोहल्लों में अस्पताल-दवा दिलाने का वादा भूल गए। अब वोट की खातिर मुसलमानों पर डोरे डाल रहे हैं। असलियत यह है कि सपा और भाजपा एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। पांच साल में मुसलमानों को तोहफे के रूप में 450 दंगों में झुलसाया गया। मुज्जफरनगर दंगे की पीड़ित महिलाओं को न्याय नहीं मिल रहा है। रेप पीड़िताएं अपने बच्चों और परिवारों की हिफाजत के लिए बयान देने से कतरा रही हैं। इस पर सपा सरकार चुप है।
सांसद औवेसी ने कहा कि हम हक की लड़ाई में आपका साथ मांगने आए हैं। डर को दूर कर पसंद के ऐसे उम्मीदवार को वोट दें, जो आपकी आवाज विधानसभा में जोरदारी से उठा सके। उन्होंने एआईएमआईएम के उम्मीदवार अफजाल मुजीब के लिए वोट मांगा। कहा, हम गंगा, जमुनी तहजीब का सम्मान करते हैं। पहली बार यहां आए हैं, आगे भी आते रहेंगे। सभी के साथ समान व्यवहार कर रमजान भी मनाएंगे और दिवाली भी मनाएंगे। उनके संबोधन के दौरान कई लोगों ने कई बार तालियां भी बजाईं।
सभा को प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली, प्रदेश महासचिव सैयद रफत जुबैर रिजवी, जिलाध्यक्ष मसूद आलम, जिला महासचिव शादाब अली, सुहेल अहमद, मो. शमी, राजेश गुप्ता, आफताब अहमद, शहनावाज, इफ्तेखार अहमद, चौधरी इब्राहिम, जीशान, इमरान, शाहजहां आदि ने संबोधित किया। संचालन पार्टी के प्रधान सचिव एवं मीडिया प्रभारी आरिफ इकबाल ने किया।