राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का कार्यकाल जुलाई में खत्म होने जा रहा है। ऐसे में विपक्षी पार्टियों में राष्ट्रपति उम्मीदवार को लेकर गर्मा-गर्मी बढ़ गई है। उम्मीदवार के चयन पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में विपक्ष की 17 पार्टियां पार्लियामेंट लाइब्रेरी बिल्डिंग में एकजुट हुई हैं।
Meeting called by Sonia Gandhi of opposition leaders underway in Parliament pic.twitter.com/elvEPYrFeG
— ANI (@ANI_news) May 26, 2017
बता दें कि सोनिया गांधी ने सभी पार्टियों के बड़े नेताओं को लंच पर बुलाया है। बैठक में विपक्ष की ओर से साझे उम्मीदवार के नाम पर चर्चा होनी तय है। जेडी(यू), सीपीआई, सीपीआई(एम), सपा, डीएमके, एनसीपी, आरजेडी, और टीएमसी को निमत्रंण भेजा गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी, लालू प्रसाद यादव, सीताराम येचूरी, डी राजा और शरद यादव इस बैठक में शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि बिहार के सीएम नीतीश कुमार और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल किसी वजह से शामिल नहीं हो पाएंगे।
विपक्ष मौजूदा समय में देश के अगले राष्ट्रपति के पद पर उम्मीदवारी को लेकर एकजुट होने की कोशिश कर रहा है। इसी कड़ी में कांग्रेस अध्यक्ष बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से भी मिल चुकी हैं।
नीतीश कुमार ने सोनिया गांधी के साथ मुलाकात के समय मौजूदा राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को दूसरी बार देश के राष्ट्रपति पद पर बैठाने की सलाह दे चुके हैं। उनकी ये सलाह कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को भी पसंद आई है। हालांकि 26 मई को विपक्ष किसके नाम पर सहमत होगा, ये देखने वाली बात होगी।