पाकिस्तान ने सूरतगढ़ और नलिया आर्मी बेस पर हमले की कोशिश की थी। सीडीएस जनरल अनिल चौहान ने यहां पहुंचकर ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तीनों सेनाओं के बीच तालमेल की भी सराहना की।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान ने भारत के जिन सूरतगढ़ और नलिया सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की वहां सोमवार को सीडीएस जनरल अनिल चौहान पहुंचे। उन्होंने दोनों सैन्य ठिकानों का दौरा करते हुए उच्च स्तर की तैयारी के लिए सैनिकों की सराहना की।
विज्ञापन
जनरल अनिल चौहान ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तीनों सेनाओं के बीच तालमेल की भी सराहना की।
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक सीडीएस ने सैनिकों को किसी भी चुनौती का निर्णायक ताकत के साथ जवाब देने के लिए हमेशा तैयार रहने जरूरत बताई। मंत्रालय ने कहा कि सशस्त्र बलों का मनोबल बढ़ाने के लिए सीडीएस जनरल अनिल चौहान ने सामरिक रूप से महत्वपूर्ण सूरतगढ़ सैन्य प्रतिष्ठान और नलिया वायुसेना स्टेशन का दौरा किया।
जनरल चौहान ने सुरक्षा चुनौतियों के मद्देनजर ऑपरेशनल तैयारी पर भी जोर दिया। मंत्रालय ने कहा कि उन्होंने सैन्यकर्मियों की ऑपरेशनल तैयारियों और उच्च मनोबल की सराहना की। साथ ही भविष्य के खतरों का प्रभावी ढंग से जवाब देने की उनकी क्षमता पर विश्वास जताया। सीडीएस के साथ दक्षिण पश्चिमी कमान के सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह और दक्षिण पश्चिमी वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ एयर मार्शल नागेश कपूर भी थे।
मंत्रालय ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सैनिकों द्वारा दिखाए गए अनुकरणीय साहस को लेकर गर्व की भावना है। जनरल चौहान को अभियान के लिए तैनात मजबूत वायु रक्षा प्रणालियों से अवगत कराया गया। मंत्रालय ने कहा कि सीडीएस ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सैनिकों की असाधारण वीरता और पेशेवर अंदाज की सराहना की। मंत्रालय ने कहा कि उनके दौरे ने सशस्त्र बलों के प्रति राष्ट्र की कृतज्ञता की पुष्टि की और एकता, तैयारी तथा अटूट राष्ट्रीय प्रतिबद्धता के संदेश को मजबूत किया।