चेन्नई और तमिलनाडु के कुछ जिलों में कोरोना संक्रमण के मामले तेज रफ्तार से बढ़ने के बीच यहां की लोकल ट्रेन इस महामारी की सुपर स्प्रेडर न बनने पाए, यह सुनिश्चित करने के लिए भारतीय रेलवे ने शनिवार को बड़ा फैसला लिया है।
कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में एक बार फिर तेजी आने के बीच स्थितियां फिर गंभीर हुई हैं और नियमों-प्रतिबंधों का दौर दोबारा शुरू हुआ है। कोरोना के नए और अधिक संक्रामक वैरिएंट ओमिक्रॉन ने भी चिंता बढ़ाई है। तमिलनाडु में भी संक्रमण के मामले बढ़े हैं। शुक्रवार को यहां कोरोना के 8981 नए मामलों की पुष्टि हुई थी, जिनमें से अधिकतर चेन्नई और कुछ अन्य जिलों से थे।
विज्ञापन
चेन्नई में स्थिति नियंत्रण में बनी रहे इसके लिए भारतीय रेलवे ने शनिवार को निर्णय लिया है कि यहां की लोकल ट्रेन के लिए टिकल केवल उन्हीं लोगों को दिए जाएंगे जो कोरोना रोधी टीके की दोनों खुराकें लगवा चुके होंगे। यानी चेन्नई लोकल ट्रेन से वही लोग यात्रा कर सकेंगे जो पूर्ण टीकाकरण करवा चुके हैं। भारतीय रेलवे ने बताया कि यह नियम 10 जनवरी से 31 जनवरी तक लागू रहेगा।