रक्षा मंत्रालय ने सेवानिवृत्त सैन्य कर्मियों और उनके आश्रितों की पेंशन से जुड़ी शिकायतों के निपटारे के लिए एक ऑनलाइन पोर्टल बनाया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को यह घोषणा की। रक्षा मंत्री ने ‘आर्म्ड फोर्सेज वेट्रन्स डे’ के अवसर पर कहा कि पोर्टल उन्हें अपनी शिकायत सीधे पूर्व सेनानी कल्याण विभाग (डीईएसडब्ल्यू) के समक्ष दर्ज कराने का अवसर देगा।
सिंह ने ट्विटर पर कहा कि मुझे रक्षा पेंशन शिकायत निवारण पोर्टल बनने की घोषणा करते हुए प्रसन्नता हो रही है,जिसका मकसद ईएसएम की पारिवारिक पेंशन से जुड़ी शिकायतों और उनके आश्रितों की शिकायतों का निवारण करना है। उन्होंने कहा कि यह पोर्टल वर्तमान के और भविष्य के सैन्य पेंशनभोगियों की मदद करेगा।
रक्षा मंत्री ने कहा कि पोर्टल पर किए गए आवेदन से आवेदक के रजिस्टर्ड नंबर के लिए एसएमएस स्वत: जारी होगा और ईमेल जाएगा। इसमें शिकायत पर चल रही कार्रवाई की जानकारी होगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि डीईएसडब्ल्यू ने सशस्त्र बल झंडा दिवस कोष (एएफएफडीएफ) को 320 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं, ताकि कल्याणकारी योजनाओं, विशेष रूप से ईएसएम आश्रित बच्चों के लिए शिक्षा और विधवाओं के विवाह अनुदान के लिए लंबित आवेदनों को पूरा किया जा सके।