फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मोदी सरकार 2.0 का एक साल: नड्डा बोले, पीएम मोदी ने कोविड-19 से लड़ाई में समय पर बड़े फैसले लिए

Sat, 30 May 2020 02:31 PM IST
अनवर अंसारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

  • आज मोदी सरकार 2.0 का एक साल पूरा 
  • भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस 
  • भाजपा अध्यक्ष ने सरकार की उपलब्धियों को बताया 
विज्ञापन
जेपी नड्डा - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार का केंद्र में दूसरे कार्यकाल एक साल शनिवार को पूरा हो गया। सरकार की उपलब्धियां गिनाने के लिए भाजपा देशभर में वर्चुअल रैलियों का आयोजन करने जा रही है। मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का एक साल पूरे होने पर पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रेस कांफ्रेंस में उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने कहा कि इस दौरान उपलब्धियों के साथ ही कई चुनौतियां भी रहीं। पीएम नरेंद्र मोदी ने कोविड 19 जैसी महामारी से लड़ाई में सही समय पर सही फैसले लिए। 

विज्ञापन


क्या-क्या कहा जेपी नड्डा ने पढ़ें 

  • यह साल उपलब्धियों भरा रहा, साथ ही हमने कई चुनौतियों का भी सामना किया। पीएम ने आगे से नेतृत्व किया जिससे कोरोना वायरस से लड़ने में मदद मिली। 
  • हमने देखा है कि यह सरकार जवाबदेही वाली रही है और इसमें फैसला लेने की क्षमता है। 
  • मोदी जी के दूसरे कार्यकाल के प्रथम वर्ष में बहुत डिसाइसिव फैसले लिए गए हैं। जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 और 35ए को निरस्त किया गया। यह प्रधानमंत्री जी की इच्छाशक्ति का नतीजा था और इसके सूत्रधार बने हमारे गृह मंत्री श्री अमित शाह जी। 
  • कोरोना के खिलाफ लड़ाई में 100 से ज्यादा देशों को मदद करते हुए उन्हें दवाइयां भी पहुंचाई हैं। इस लड़ाई में प्रधानमंत्री जी के एक-एक आह्वान को देश ने सुना और उसका समर्थन किया। इसके लिए मैं देश की जनता का धन्यवाद देता हूं। 
  • कई बड़े और शक्तिशाली देश कोविड-19 के खिलाफ बेबस हो गए हैं लेकिन भारत में हालात नियंत्रण में हैं।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों को साथ लिया और कोविड-19 से लड़ाई में समय पर बड़े फैसले लिए। 
    वर्षों से नागरिकता संशोधन बिल लटकाया जा रहा था। अफगानिस्तन, बांग्लादेश और पाकिस्तान से धार्मिक प्रताड़ना के शिकार शरणार्थियों को नागरिकता मिलनी चाहिए थी, लेकिन ये हो नहीं पा रहा था।
  • प्रधानमंत्री मोदी जी ने फैसला लिया और इस फैसले के कारण आज सीएए लागू हुआ और वंचितों को मुख्यधारा में शामिल होने का मौका मिला। 
    विज्ञापन

     


 

सार्वजनिक कार्यक्रम का आयोजन नहीं

कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर पार्टी की तरफ से यह फैसला किया गया कि इस मौके पर किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जाएगा। बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी ने 30 मई 2019 को दूसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। 

‘बड़े फैसले, कम हुए फासले’ वीडियो जारी किया
केंद्र में मोदी सरकार के एक साल पूरे होने पर भाजपा ने 'बड़े फैसले, कम हुए फासले' थीम पर आधारित एक वीडियो अपने आधिकारिक ट्वीटर हैंडल से ट्वीट किया। नौ मिनट 55 सेकंड अवधि वाले इस वीडियो में सरकार के कामकाज और फैसलों को दिखाया गया है। 

1000 से ज्यादा ऑनलाइन कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा
पिछले दिनों राज्य इकाइयों और अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं को भेजी चिट्ठी में पार्टी के महासचिव अरुण सिंह ने लिखा था कि सभी बड़े राज्यों की इकाइयां कम से कम दो और छोटे राज्यों की इकाइयां कम से कम एक वर्चुअल रैली का आयोजन करेंगी। कम से कम 750 लोगों का रैली में शामिल होना जरूरी है। इसके अलावा देशभर में 1000 से ज्यादा ऑनलाइन कॉन्फ्रेंस का आयोजन भी किया जाएगा। वहीं, इन कॉन्फ्रेंस को करने का जिम्मा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को सौंपा जाएगा। वरिष्ठ नेताओं को मिलाकर 150 नेता इनका संबोधन करेंगे।  

कोविड-19 से निपटने के तरीकों को भी बताया जाएगा
केंद्र सरकार द्वारा लगातार आत्मनिर्भरता पर जोर दिया जा रहा है, इसलिए पार्टी के सदस्यों से स्थानीय और स्वेदशी अपनाने का संकल्प लेने को कहा जा रहा है। साथ ही उन्हें जनता को सरकार द्वारा कोविड-19 महामारी से निपटने के तरीकों को बताने को भी कहा गया है। 

विज्ञापन

भाजपा नेताओं ने एक साल ऐतिहासिक उपलब्धि से भरा बताया

वहीं, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने शनिवार को मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के एक वर्ष पूरा होने को ऐतिहासिक उपलब्धि से भरा बताया। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जोर दिया कि इस कार्यकाल को अपने कठोर और बड़े निर्णयों की वजह से जाना जाएगा, जिसने भारत की तस्वीर बदल दी। 

छह साल में ऐतिहासिक गलतियों को सुधारा: शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने अपने छह साल के कार्यकाल में कई ऐतिहासिक गलतियों को सुधारा और आत्मनिर्भर भारत की नींव रखी, जो विकास की राह पर है।

शाह ने ट्वीट कर कहा, ‘मैं मोदी 2.0 के एक वर्ष सफल होने पर देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हार्दिक बधाई देता हूं। यह ऐतिहासिक उपलब्धियों से परिपूर्ण रहा है।’

कठिन और बड़े फैसलों के लिए जाना जाएगा: नड्डा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा, ‘मैं दूसरे कार्यकाल के पहले साल के सफलतापूर्वक पूरा होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सरकार के अन्य सदस्यों को बधाई देता हूं। मोदी सरकार का यह साल बहुत सारी ऐतिहासिक उपलब्धियों से परिपूर्ण रहा है।’

उन्होंने आगे कहा, ‘मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का यह पहला साल अपने कठिन और बड़े फैसलों और चुनौतियों को अवसरों में बदलने के लिए जाना जाएगा। मोदी ने उन फैसलों को लागू किया, जो दशकों से प्रतीक्षित थे। इन फैसलों ने देश का चेहरा बदल दिया है।’ 

नड्डा ने कहा कि मोदी ने अपनी दूरदर्शी नीतियों, समर्पण और टीम इंडिया की भावना के साथ देश के लोकतंत्र को एक नई दिशा दी है और सरकार के हर फैसले में लोगों के कल्याण और देश के हित को दर्शाया है।

भारत चुनौतियों को अवसरों में बदल रहा: बी एल संतोष
भाजपा महासचिव (संगठन) बी एल संतोष ने सरकार के कार्यकाल को निर्णायक और दूरदर्शी बताया। उन्होंने कहा कि भारत एक गतिशील नेता के नेतृत्व में एक जीवंत समाज के तहत चुनौतियों को अवसरों में बदलने की तरफ बढ़ रहा है।

बता दें कि मोदी सरकार और भाजपा को आज सत्ता में दोबारा आए एक साल पूरा हो रहा है। 2014 से ही जब मोदी पहली बार प्रधानमंत्री बने थे, तब से ही भाजपा और सरकार वर्षगांठ के मौके पर अपनी उपलब्धियों को लोगों को बताती रही है। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें